दुर्गा पूजा में आरा, बिहिया और कुल्हड़िया स्टेशन पर रहेंगी एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन भी होंगे तैनात
रेल पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान आरा, बिहिया, कुल्हड़िया और बनाही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए ...और पढ़ें

आरा स्टेशन
HighLights
रेल पुलिस ने दुर्गा पूजा सुरक्षा बढ़ाई।
आरा स्टेशनों पर अग्निशमन, एंबुलेंस की मांग।
आपात स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित होगी।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। दुर्गा पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल पुलिस ने सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है।
आरा, बिहिया, कुल्हड़िया और बनाही रेलवे स्टेशनों पर अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की गई है। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना, आग लगने या यात्री की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
चार स्टेशनों पर आपातकालीन व्यवस्था की मांग
रेल पुलिस ने आरा, बिहिया, कुल्हड़िया और बनाही रेलवे स्टेशनों पर एक-एक यूनिट अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया है।
एंबुलेंस में चिकित्सक, जीवनरक्षक दवाएं और रक्त की व्यवस्था रखने की भी मांग की गई है, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
डीएम और अग्निशमन पदाधिकारी को भेजा पत्र
इस संबंध में रेल पुलिस अधीक्षक, पटना ने 15 अक्टूबर को भोजपुर के जिलाधिकारी और जिला अग्निशमन पदाधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
पत्र में दुर्गा पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ और संभावित आपात स्थितियों का उल्लेख किया गया है। रेल पुलिस का मानना है कि पहले से व्यवस्था रहने पर जरूरत के समय राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा सकेगा।
नवरात्र और दशहरा में बढ़ेगी यात्रियों की भीड़
पत्र के अनुसार, शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू हुआ है। 17 अक्टूबर को सप्तमी, 18 अक्टूबर को महाष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी।
इस दौरान दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग त्योहार मनाने के लिए ट्रेनों से अपने घर लौटते हैं। इसके कारण रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है और भीड़ को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
असामाजिक तत्वों पर भी रहेगी नजर
रेल पुलिस ने पत्र में आशंका जताई है कि अत्यधिक भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व और नशाखुरानी गिरोह के सदस्य यात्रियों को निशाना बना सकते हैं।
भीड़ के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के साथ आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता जरूरी बताई गई है।
आग या तबीयत बिगड़ने पर मिलेगी तत्काल मदद
रेल पुलिस के अनुरोध के अनुसार, स्टेशनों पर अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस उपलब्ध रहने से आग लगने, दुर्घटना होने या किसी यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने जैसी परिस्थितियों में तत्काल सहायता मिल सकेगी। अब संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मांग पर की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
