विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिवाली-छठ पर बिहार आने वालों के लिए राहत, दक्षिण भारत से आरा होकर चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:06 AM (IST)

रेलवे ने दिवाली और छठ पूजा के लिए यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पोत्तनूर (कोयंबटूर)-बरौनी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन ...और पढ़ें

त्‍योहारों पर आरा के रास्‍ते स्‍पेशल ट्रेन। सांकेत‍िक तस्‍वीर

त्‍योहारों पर आरा के रास्‍ते स्‍पेशल ट्रेन। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. दिवाली-छठ के लिए पोत्तनूर-बरौनी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलेगी।

  2. यह ट्रेन आरा जंक्शन पर भी रुकेगी, यात्रियों को लाभ मिलेगा।

  3. दक्षिण भारत से बिहार आने-जाने वालों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, आरा। आगामी दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की तैयारी शुरू कर दी है।

दक्षिण भारत से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पोत्तनूर (कोयंबटूर)-बरौनी के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा।

इस ट्रेन का ठहराव आरा जंक्शन पर भी निर्धारित किया गया है। इससे भोजपुर के अलावा आसपास के जिलों के यात्रियों को भी त्योहार के दौरान आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इसके साथ ही रेलवे ने पुणे-दानापुर और मनमाड़-दानापुर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि में भी विस्तार किया है। इन ट्रेनों के माध्यम से भी त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।

पोत्तनूर से हर रविवार खुलेगी ट्रेन

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 06021/06022 पोत्तनूर-बरौनी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन पोत्तनूर से प्रत्येक रविवार को सुबह 6:15 बजे रवाना होगी।

ट्रेन इरोड, सलेम, काटपाड़ी, गुडूर, विजयवाड़ा, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना और प्रयागराज छिवकी के रास्ते बिहार पहुंचेगी।

बिहार में ट्रेन का ठहराव डीडीयू, बक्सर और आरा जंक्शन पर निर्धारित किया गया है। तीसरे दिन सुबह 5:35 बजे डीडीयू, 6:53 बजे बक्सर और 7:55 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद पाटलिपुत्र जंक्शन होते हुए दोपहर 1:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी में बुधवार को बरौनी से रवाना होगी

वापसी में गाड़ी संख्या 06022 बरौनी से प्रत्येक बुधवार को सुबह 10:30 बजे खुलेगी। ट्रेन दोपहर 1:30 बजे पाटलिपुत्र, 2:26 बजे आरा जंक्शन और 3:40 बजे बक्सर पहुंचेगी।

इसके बाद शाम 6:20 बजे डीडीयू से आगे के लिए रवाना होगी और तीसरे दिन शाम 6:30 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी।

दक्षिण भारत से आने वालों को मिलेगी सुविधा

त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग रोजगार और अन्य कार्यों के सिलसिले में दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में रहते हैं और दिवाली व छठ पर बिहार लौटते हैं।

ऐसे में नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है। पोत्तनूर-बरौनी पूजा स्पेशल के परिचालन से कोयंबटूर और आसपास के क्षेत्रों से बिहार आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। आरा में ठहराव होने से भोजपुर के यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें- गुजरात से बिहार तक नई अमृत भारत एक्सप्रेस, 2532 किमी के सफर में इन शहरों से गुजरेगी ट्रेन