जिस धर्मावती के पानी से कभी बुझती थी प्यास, आज उसी नदी की सांसें उखड़ रहीं; भोजपुर दियारा की जीवनरेखा पर संकट
भोजपुर के दियारा क्षेत्र की जीवनरेखा धर्मावती नदी अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है, जो गाद, सिल्ट और प्रदूषण से जूझ रही है। कभी सालभर अविरल बहने वाली यह नदी अब गर्मियों में सूखने लगती है, जिससे पर्यावरण और जलसंकट की गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं।

कभी गंगा की मुख्य धारा जैसी थी धर्मावती नदी
HighLights
नदी में गाद, जलकुंभी और गंदे नालों का दबाव।
कभी गंगा की मुख्य धारा जैसी थी धर्मावती नदी।
संरक्षण के लिए सामूहिक पहल और जनभागीदारी आवश्यक।
कंचन किशोर, आरा(भोजपुर)। भोजपुर के दियारा क्षेत्र की जीवनरेखा कही जाने वाली धर्मावती नदी आज अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। कभी सालभर अविरल बहने वाली इस नदी की धारा अब गर्मी आते ही जगह-जगह दम तोड़ने लगती है।
जिस नदी के पानी से ग्रामीणों की प्यास बुझती थी, खेतों की सिंचाई होती थी और पशुओं को जीवन मिलता था, आज उसी नदी में गाद, सिल्ट, जलकुंभी और गांवों से निकलने वाले गंदे नालों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
नदी की बदलती तस्वीर दियारा क्षेत्र के पर्यावरण, कृषि और भविष्य में पैदा होने वाले जलसंकट को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रही है।
कभी गंगा की मुख्य धारा जैसी थी धर्मावती नदी
धर्मावती नदी का इतिहास काफी पुराना और वैभवशाली रहा है। नदी के किनारे बसे गांवों के बुजुर्ग बताते हैं कि 50-60 वर्ष पहले तक यह गंगा की मुख्य धारा जैसी हुआ करती थी।
महाकवि बाणभट्ट की रचना 'हर्षचरित' में भी इस नदी का उल्लेख बताया जाता है। बक्सर के पुराने भोजपुर स्थित काव नदी से निकलकर धर्मावती सिमरी और ब्रह्मपुर प्रखंड होते हुए भोजपुर के शाहपुर प्रखंड के सरना से जिले में प्रवेश करती है। इसके बाद सदर प्रखंड के बरजा गांव के समीप गंगा में मिल जाती है।
कभी इसी नदी के पानी से पकता था भोजन
भरौली के सरपंच विनोद मिश्रा बताते हैं कि करीब 30 वर्ष पहले तक धर्मावती नदी में पूरे साल पानी बहता था। गर्मी के दिनों में भी ग्रामीण नदी से पानी लाकर दाल पकाने, भोजन बनाने और पीने के लिए इस्तेमाल करते थे।
नदी का पानी इतना साफ था कि लोग बिना किसी संकोच के उसे पीते थे। मवेशियों को चराने वाले लोग भी नदी किनारे ही सत्तू तैयार करते और उसी पानी से अपनी प्यास बुझाते थे।
सुहिया गांव के राजेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ उपद्र सिंह बताते हैं कि नदी के किनारे बालू में भूर निकलता था। सफेद बालू हटाने पर नीचे निर्मल पानी जमा मिलता था, जिसे ग्रामीण पेयजल के रूप में इस्तेमाल करते थे।
सहजौली के महावीर ओझा के अनुसार, नदी का पानी इतना स्वच्छ था कि लोग गमछे में सत्तू सानकर नदी किनारे भोजन करते थे। यह ग्रामीण जीवन की सामान्य दिनचर्या का हिस्सा था।
गाद जमने से लगातार घटती गई नदी की गहराई
ग्रामीणों के अनुसार, धर्मावती नदी की धारा बाधित होने के पीछे कई कारण हैं। इनमें नदी की तलहटी में गाद का जमाव, आसपास के गांवों का गंदा पानी सीधे नदी में गिरना और किनारों की मिट्टी का कटाव प्रमुख हैं।
खेतों और आसपास की जमीन से बहकर आने वाली मिट्टी नदी में जमा होती रही और धीरे-धीरे सिल्ट की मोटी परत बन गई। इससे नदी की गहराई और पानी जमा रखने की क्षमता लगातार घटती गई।
ग्रामीणों का अनुमान है कि पिछले पांच दशकों में नदी का तल दो मीटर से अधिक ऊपर उठ चुका है। सरना और भरौली से लेकर बरिसवन तक कई हिस्सों में नदी का तल लगभग सपाट हो गया है। जबकि पहले इन स्थानों पर तीन से चार मीटर तक गहराई हुआ करती थी।
गर्मी में बढ़ जाता है जलकुंभी का फैलाव
नदी की बदली स्थिति का असर गर्मी के मौसम में सबसे अधिक दिखाई देता है। अप्रैल-मई आते-आते नदी में जलकुंभी और अन्य जलीय वनस्पतियों का फैलाव बढ़ जाता है।
कई हिस्सों में पानी सूखने लगता है और नदी की धारा जगह-जगह टूट जाती है। कभी पूरे वर्ष बहने वाली नदी अब गर्मियों में पानी के लिए तरसने लगती है। इससे नदी पर निर्भर ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।
धर्मावती को बचाने के लिए अब जरूरी है सामूहिक पहल
धर्मावती नदी केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि क्षेत्र की खेती, पशुपालन, भूजल, पर्यावरण और ग्रामीण सभ्यता की धरोहर है। यदि समय रहते इसे बचाने की पहल नहीं हुई तो आने वाली पीढ़ियां इस महत्वपूर्ण जलस्रोत से वंचित हो सकती हैं।
इसके संरक्षण के लिए नदी की वास्तविक गहराई और जलप्रवाह का सर्वेक्षण, गाद जमाव वाले हिस्सों की पहचान और सफाई, नालों के पानी को नदी में गिरने से पहले उपचारित करना तथा किनारों पर मिट्टी के कटाव को रोकना जरूरी है।
आप भी बनें दैनिक जागरण की मुहिम का हिस्सा
धर्मावती नदी को नवजीवन देने के लिए अब जनभागीदारी की जरूरत है। नदी की बदहाली और उसके संरक्षण से जुड़े सुझावों को सामने लाने के लिए आप भी दैनिक जागरण की मुहिम का हिस्सा बनें। अपनी राय और तस्वीर के साथ हमें मोबाइल नंबर 7004632959 पर व्हाट्सएप करें। आपकी आवाज नदी को बचाने की पहल को मजबूती दे सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।