विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अर्नब' तूफान से भोजपुर में बदला मौसम, 2 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट जारी

Published: Wed, 28 Oct 2026 04:31 PM (IST)

बंगाल की खाड़ी से उठे अति प्रचंड तूफान 'अर्नब' के असर से भोजपुर का मौसम बदल गया है, जहां बुधवार ...और पढ़ें

'अर्नब' तूफान से भोजपुर में बदला मौसम, 2 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट जारी (AI Generated Image)

'अर्नब' तूफान से भोजपुर में बदला मौसम, 2 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट जारी (AI Generated Image)

HighLights

  1. तूफान 'अर्नब' का असर, भोजपुर में बदला मौसम।

  2. 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश, 21 किमी/घंटा हवा।

  3. किसानों को फसल सुरक्षा, जलजमाव से बचाव की सलाह।

जागरण संवाददाता, आरा। बंगाल की खाड़ी में उठे अति प्रचंड तूफान 'अर्नब' का असर भोजपुर में दिखने लगा है। मौसम विभाग की चेतावनी के ठीक 24 घंटे बाद बुधवार को आरा का मौसम पूरी तरह बदल गया। जिले में दिनभर आकाश में घने बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बूंदा-बांदी हुई।

अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार 6 किमी प्रति घंटा रही और औसत आर्द्रता 57 प्रतिशत रही। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, आज 28 अक्टूबर की रात 11 बजे से अगले दो दिनों तक लगातार बारिश की प्रबल संभावना है।

विभाग ने जिले का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है, जो किसानों के लिए चिंता बढ़ाने वाला है। लगातार दो दिन की बारिश और 21 किमी की रफ्तार से चलने वाली हवा को लेकर जिला कृषि विभाग अलर्ट पर है।

जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि भोजपुर में अभी 70 प्रतिशत से अधिक धान की फसल कटने को तैयार है। 29-30 अक्टूबर को होने वाली भारी बारिश से खेतों में जलजमाव और कटी फसल के भींगने का खतरा है।

किसानों से अपील है कि खेत में कटी हुई फसल को बिल्कुल न छोड़ें, तुरंत ऊंचे और सूखे स्थान पर शिफ्ट करें और तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें। खड़ी फसल की कटाई 31 अक्टूबर तक टाल दें।

खेतों में जल निकासी के लिए नाली बना दें, ताकि पानी न रुके। इस दौरान किसी भी तरह के कीटनाशक या उर्वरक का छिड़काव न करें।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसल बारिश से प्रभावित होगी, वे फसल क्षति का आकलन कराने के लिए अपने कृषि समन्वयक से संपर्क करें। जिला प्रशासन ने भी निचले इलाकों - आरा शहर के मिल्की मोहल्ला, धरहरा, जगदीशपुर और पीरो के ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव को लेकर नगर निगम और प्रखंडों को अलर्ट किया है।

अगले तीन दिन भोजपुर में कैसा रहेगा मौसम?

  • 29 अक्टूबर (गुरुवार): वर्षा - 20.6 एमएम, तापमान - 22 से 25 डिग्री, हवा - 14 किमी/घंटा, आर्द्रता - 88%
  • 30 अक्टूबर (शुक्रवार): वर्षा - 23.4 एमएम (सबसे ज्यादा), तापमान - 22 से 23 डिग्री, हवा - 21 किमी/घंटा, आर्द्रता - 92%
  • 31 अक्टूबर (शनिवार): वर्षा - 00.0 एमएम, तापमान - 23 से 27 डिग्री, हवा - 8 किमी/घंटा, आर्द्रता - 84%

यानी 29 और 30 अक्टूबर को भोजपुर में भारी बारिश तय है, 31 से मौसम खुलेगा।

यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से भागलपुर में बदलेगा मौसम, कल हल्की-मध्यम वर्षा के आसार