विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छह लेन सड़क से रिंग रोड तक; 25 मार्च को आरा में विकास का मेगा शो, CM करेंगे 700 करोड़ की योजनाओं की समीक्षा

Published: Sat, 21 Mar 2026 07:28 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान भोजपुर जिले का दौरा करेंगे। वे करोड़ों रुपये की पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

मेडिकल कालेज में नई सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण। जागरण

मेडिकल कालेज में नई सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण। जागरण

जागरण संवाददाता, आरा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दौरान भोजपुर जिले में करोड़ों रुपये की लागत से पूरी हुई कई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, वहीं अनेक योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

इसके अलावा, जिले में चल रही 700 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली आधा दर्जन से ज्यादा प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा फ्लैक्स स्टैंड के माध्यम से करेंगे।

नए भवन का करेंगे श‍िलान्‍यास 

जिला प्रशासन द्वारा जीरो माइल पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरकर सबसे पहले मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करेंगे और नए भवन का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन करेंगे।

इसके पश्चात वे जीरो माइल मोड़ के समीप बनाए जा रहे विशेष फ्लैक्स स्टैंड पर विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेंगे। यहां संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी और डीएम द्वारा योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

जिन योजनाओं की समीक्षा की जाएगी, उनमें बिहिया चौरास्ता सड़क चौड़ीकरण, जीरो माइल से पातर सड़क निर्माण, बामपाली से पकड़ी सड़क, आरण्य देवी से फोरलेन सड़क, ओझवलिया-बचरी पीरो मार्ग शामिल है। 

सड़क निर्माण की होगी समीक्षा 

इसके अलावा खरौनी से दोघरा सड़क, रेलवे स्टेशन से जज कोठी मोड़ मार्ग, बबुरा-डोरीगंज छह लेन सड़क, संदेश-कोइलवर नहर बांध सड़क, आउटफॉल नाला, सम्प हाउस निर्माण, देव में सूर्य मंदिर संग्रहालय, छह प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय निर्माण तथा आरा शहर में रिंग रोड निर्माण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के 25 मार्च को प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जीरो माइल और बाजार समिति क्षेत्र में कार्य तेजी से जारी है। फ्लैक्स स्टैंड स्थल पर मिट्टी भराई व लेवलिंग का कार्य किया जा रहा है, जबकि बाजार समिति में जर्मन हैंगर निर्माण के लिए भी तैयारियां तेज हैं।

वहीं, बाजार समिति स्थित जीविका मार्ट को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। यहां हाईटेक तरीके से बने मार्ट में जीविका दीदियां अपने उत्पादों की बिक्री करेंगी। मेडिकल कॉलेज परिसर में सड़क निर्माण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।