आरा में युवक की हत्या से आक्रोशितों ने किया हंगामा
टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत गौसगंज गांगी गोलंबर के समीप घटित एजेंटी वसूलने वाले युवक की हत्या से आक्रोशित नागरिक शनिवार की सुबह सड़क पर उतर गए।
आरा। टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत गौसगंज, गांगी गोलंबर के समीप घटित एजेंटी वसूलने वाले युवक की हत्या से आक्रोशित नागरिक शनिवार की सुबह सड़क पर उतर गए। गौसगंज, गांगी के समीप सड़क जाम कर जमकर बवाल काटा। इस दौरान बीच सड़क पर जमकर आगजनी भी की गई। सड़क पर उतरे लोग हत्यारों की गिरफ्तारी व मुआवजा की मांग कर रहे थे। सड़क जाम व हंगामा के कारण आरा-बड़हरा व आरा -सिन्हा पथ पर वाहनों का परिचालन करीब तीन घंटे तक अवरुद्ध रहा। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद सड़क जाम हट सका। इस दौरान पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। मृतक 19 वर्षीय धजंय राम उर्फ धनंजी राम गौसगंज, गांगी मुहल्ला निवासी कमख्या नारायण राम का पुत्र था। मृतक के शरीर पर करीब बारह से अधिक गोलियों का निशान पाया गया था। मौके से पिस्टल का करीब 17 खोखा मिला था। हत्या की इस घटना को आपसी शोध-प्रतिशोध की लड़ाई व ऑटो स्टैंड के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा हैं। इसे लेकर मृतक के पिता ने अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी हैं।
ट्ठट्ठ
कफन में लिपटे शव को बीच सड़क पर रखकर कर रहे थे हंगामा
वारदात के बाद शुक्रवार को शव का दाहसंस्कार नहीं हो सका था। मृतक का शव घर पर ही रखा हुआ था। इस बीच हत्या से आक्रोशित नागरिक शनिवार की सुबह सात बजे से ही मारे गए धंजय राम के शव को बीच सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। कफन में लिपटे शव को बीच सड़क पर रखकर परिचालन पूरी तरह ठप कर दिया था। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार आक्रोशित लोगों को समझाने में लगे थे। लेकिन, गुस्साए लोग मानने को तैयार नहीं थे। बाद में सदर एसडीपीओ पंकज रावत भी पहुंच गए। सुबह साढ़े दस बजे के बाद पुलिस को सख्ती से दिखानी पड़ी। जिसके शव उठ सका। मालूम हो कि गौसगंज निवासी धनजी राम उर्फ धनंजय राम रोज की तरह शुक्रवार की दोपहर गांगी स्टैंड में ऑटो से एजेंटी वसूल रहा था। इसी दौरान हथियार बंद अपराधी आ धमके थे तथा अंधाधुंध फायरिग कर उसके शरीर में दर्जनभर गोलियां उतार दी थी और फरार हो गए थे। बाद में जब परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा के इमरजेंसी कक्ष में लाए तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था।
--
महिलाएं भी आ गई थी सड़कों पर
इधर, वारदात को लेकर आक्रोशित नागरिकों के साथ-साथ घर की महिलाएं भी सड़क पर उतर गई थी। महिलाओं ने शव के साथ सड़क जाम कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। आक्रोशित लोग मुआवजा व गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे। सड़क जाम के कारण पुल के दोनों छोर पर वाहनों की कतार लग गई थी। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जाम हटाने के प्रयास में लगे हुए थे। आक्रोशित लोगों ने गांगी मुक्ति धाम मोड़, गौसगंज, आरा-बड़हरा रोड व आरा-सिन्हा रो को चौतरफा जाम कर दिया था।