बिहार में बस का सफर हुआ महंगा, 1 जून से 10 से 15% तक बढ़ेगा किराया; विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन
भोजपुर सहित पूरे बिहार में 1 जून से बस यात्रियों को 10 से 15 प्रतिशत अधिक किराया देना होगा।
-1780065901550_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
1 जून से बस किराए में 10-15% की वृद्धि।
डीजल मूल्य वृद्धि और परिचालन खर्च बढ़ने का कारण।
निर्धारित किराया सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य, ओवरलोडिंग पर रोक।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर समेत राज्य में एक जून से बस यात्रियों को सफर के लिए अधिक किराया चुकाना पड़ेगा।
परिवहन विभाग ने राज्य में परिचालित होने वाली सभी यात्री बसों के किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की अधिसूचना जारी कर दी है। नई दरें 1 जून 2026 से पूरे राज्य में लागू होंगी।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार डीजल कीमतों में वृद्धि और परिचालन खर्च बढ़ने के कारण बस भाड़े का पुनर्निर्धारण किया गया है।
नई दरें निर्धारित
नई दरों के तहत साधारण बस सेवा में 50 किलोमीटर तक यात्रा करने पर प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये किराया लिया जाएगा, जबकि पहले यह 1.50 रुपये था।
100 किलोमीटर तक के लिए 1.71 रुपये तथा 300 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 1.65 रुपये प्रति किलोमीटर किराया निर्धारित किया गया है।
इसी तरह डीलक्स बस सेवा, सेमी डीलक्स और वातानुकूलित बसों के किराए में भी बढ़ोतरी की गई है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी बस संचालक निर्धारित किराया सूची को बस स्टैंड और वाहनों में प्रमुखता से प्रदर्शित करेंगे।
जिला एवं स्थानीय प्रशासन को भी इसकी निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने पर मोटरयान अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बस स्टैंड पर ही रुकेंगी बसें
अधिसूचना में कहा गया है कि बसों का ठहराव केवल निर्धारित बस स्टैंड पर ही होगा। सार्वजनिक स्थानों पर बसों के अवैध ठहराव पर रोक लगाई जाएगी।
साथ ही ओवरलोडिंग पर भी सख्ती बरती जाएगी। यदि किसी बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया तो संबंधित वाहन मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।
एडीटीओ दिव्य प्रकाश ने बताया कि नई दर विभाग से आ गई है दो से चार दिनों के अंदर सभी स्थानों का बढ़ा किराया तय कर उसे अगले माह से लागू कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिहार में मठ-मंदिरों की जमीन बचाने के लिए बनेगा स्पेशल सेल, अवैध कब्जेदारों पर चलेगा सरकार का डंडा
