Bihar Weather: बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हुआ सिस्टम, भोजपुर में 33.9 MM बारिश; 26 तक भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण बिहार के भोजपुर में भारी बारिश हुई है, जहां 33.9 एमएम ...और पढ़ें

सड़कों पर जलजमाव
HighLights
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम का असर।
भोजपुर में 33.9 एमएम बारिश दर्ज की गई।
26 सितंबर तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम का असर बिहार के मौसम पर दिखाई देने लगा है। भोजपुर में गुरुवार को 33.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। लगातार वर्षा और आसमान में छाए घने बादलों के कारण दोपहर में ही शाम जैसा नजारा दिखा। बारिश के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर रहे।
भोजपुर में बढ़ी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार 23 से 28 सितंबर तक बिहार में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भोजपुर में 26 सितंबर तक वर्षा की गतिविधियां बढ़ी रह सकती हैं। बुधवार को जिले में 13 एमएम बारिश हुई थी, जबकि अगले दिन यह आंकड़ा बढ़कर 33.9 एमएम पहुंच गया।
सड़कों पर जलजमाव, सामान्य जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण आरा शहर की कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। विभिन्न कार्यालयों, कोर्ट और शैक्षणिक संस्थानों में भी लोगों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में आवाजाही प्रभावित हुई।
भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई है।
इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है। कुछ इलाकों में सतही हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके आगे बढ़ने पर इसके और मजबूत होने की संभावना है।
वज्रपात के दौरान इन जगहों से रहें दूर
आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को खुले मैदान, ऊंचे पेड़, जलाशय और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने वज्रपात के समय घर के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- Bihar Weather Alert: पटना समेत 10 जिलों में बारिश, 19 में हैवी रेन अलर्ट; 27 सितंबर तक असर
