विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में सिपाही पानी लेने गया, इधर शौचालय का दरवाजा तोड़कर फरार हो गया बंदी

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:04 AM (IST)

आरा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से मोबाइल चोरी का विचाराधीन बंदी विकास कुमार सिंह शौचालय का दरवाजा तोड़कर फरार ...और पढ़ें

शौचालय का टूटा दरवाजा। जागरण

शौचालय का टूटा दरवाजा। जागरण

HighLights

  1. विचाराधीन बंदी विकास कुमार सिंह आरा सदर अस्पताल से फरार हुआ।

  2. मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार बंदी शौचालय से भागा।

  3. कैदी वार्ड की सुरक्षा पर सवाल, पुलिस तलाश में जुटी।

जागरण संवाददाता, आरा। आरा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती अरवल जिले का एक विचाराधीन बंदी मंगलवार की शाम शौचालय का दरवाजा तोड़कर फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन देर तक कोई सुराग नहीं मिल सका।

फरार बंदी की पहचान अरवल जिले के सैदपुर दाबा निवासी विकास कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नवादा थाना पुलिस ने 6 नवंबर को मोबाइल चोरी के एक मामले में विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था।

उसके पास से चोरी के दो मोबाइल भी बरामद किए गए थे। इस मामले में न्यू शीतल टोला, आरा निवासी सूरज कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

गिरफ्तारी के बाद उसे मंडल कारा, आरा भेज दिया गया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।

सिपाही के पानी लेने जाने के दौरान हुआ फरार

बताया जाता है कि मंगलवार की शाम करीब चार बजे बंदी को कै-दस्त की शिकायत हुई। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात सिपाही उसे अस्पताल परिसर स्थित शौचालय में ले गए।

इसी दौरान सिपाही पानी लेने चला गया। मौका पाकर बंदी शौचालय का दरवाजा तोड़कर फरार हो गया। सिपाही के लौटने पर उसके फरार होने की जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।

अरवल में चोरी के तीन मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, फरार बंदी विकास कुमार सिंह का अरवल जिले में भी आपराधिक इतिहास रहा है। अरवल सदर थाना में उसके विरुद्ध चोरी के तीन मामले दर्ज हैं।

संगम स्टूडियो के मालिक के घर हुई चोरी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। उक्त घटना में घर से 100 ग्राम से अधिक सोना और करीब दो लाख रुपये नकद चोरी किए गए थे।

कैदी वार्ड प्रभारी ने दर्ज कराई प्राथमिकी

बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया। घटना को लेकर कैदी वार्ड के प्रभारी की ओर से टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

अस्पताल के कैदी वार्ड में बंदियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।