बिहार में 19 नवंबर से इंटर और 23 से मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा, दिव्यांग छात्रों को मिलेगा एक्स्ट्रा समय
भोजपुर जिले में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी हो गया है। इंटर की परीक्षा 19 नवंबर ...और पढ़ें

बिहार में सेंटअप परीक्षा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
इंटर सेंटअप परीक्षा 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होगी।
मैट्रिक सेंटअप परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक चलेगी।
दिव्यांग परीक्षार्थियों को लिखने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होगी। वहीं, मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक चलेगी।
परीक्षा को लेकर विद्यालयों में तैयारी शुरू हो गई है। सेंटअप परीक्षा में शामिल होना विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेन्द्र कुमार राय ने बताया कि मैट्रिक में 40921 और इंटर में 38643 छात्र छात्राएं शामिल होंगे।
प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय
इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। जबकि मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को होगी। दोनों परीक्षाएं दो पालियों में ली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मैट्रिक में प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।
विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए परीक्षा शुरू होने के समय 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इससे परीक्षार्थी प्रश्नों को ठीक से समझकर उत्तर लिखने की तैयारी कर सकेंगे।
दिव्यांग परीक्षार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा
परीक्षा में स्पास्टिक, दृष्टिबाधित और अन्य ऐसे दिव्यांग परीक्षार्थी, जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें लेखक (स्क्राइब) रखने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा ऐसे परीक्षार्थियों को निर्धारित परीक्षा अवधि के अतिरिक्त प्रत्येक घंटे पर 20 मिनट का क्षतिपूर्ति समय दिया जाएगा। इससे उन्हें परीक्षा में समान अवसर मिल सकेगा।