छठ-दीपावली पर बिहार लौटने वालों को राहत, दक्षिण भारत से चलेंगी 2 नई पूजा स्पेशल ट्रेनें; आरा में भी स्टॉपेज
त्योहारी सीज़न में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दक्षिण भारत से बिहार के लिए दो जोड़ी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं।
-1791473612686_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
त्योहारी भीड़ के लिए दक्षिण भारत से बिहार को ट्रेनें।
यशवंतपुर-सहरसा और हुबली-मुजफ्फरपुर के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें।
दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ के दौरान आरा जंक्शन पर ठहराव।
जागरण संवाददाता, आरा। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दक्षिण भारत से बिहार के बीच दो जोड़ी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
यशवंतपुर-सहरसा और हुबली-मुजफ्फरपुर के बीच चलने वाली इन ट्रेनों से दक्षिण भारत से बिहार लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
दोनों ट्रेनों का आरा जंक्शन पर भी ठहराव निर्धारित किया गया है। गाड़ी संख्या 06581/82 यशवंतपुर-सहरसा पूजा स्पेशल का परिचालन 14 अक्टूबर से 2 दिसंबर तक किया जाएगा।
सात बजे चलेगी ट्रेन
यशवंतपुर जंक्शन से यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुबह सात बजे चलेगी। यलहंका, कर्नूलु सिटी, काचीगुडा, काजीपेट, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, सतना और प्रयागराज छिवकी के रास्ते तीसरे दिन सुबह 7:50 बजे डीडीयू पहुंचेगी।
इसके बाद 9:18 बजे बक्सर और 10:18 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन पाटलिपुत्र, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और खगड़िया होते हुए रात आठ बजे सहरसा पहुंचेगी।
दोपहर में पहुंचेगी आरा
वापसी में सहरसा से प्रत्येक बुधवार को सुबह 5:55 बजे चलेगी और आरा जंक्शन पर दोपहर 2:13 बजे पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 07315/16 हुबली-मुजफ्फरपुर पूजा स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी।
हुबली से प्रत्येक मंगलवार को शाम 4:45 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 10:33 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी और करीब 2:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी में मुजफ्फरपुर से प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 8:40 बजे चलेगी और 11:50 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। दोनों स्पेशल ट्रेनों के संचालन से दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- दक्षिण पूर्व रेलवे की नई पहल: टूनिया स्टेशन मास्टर के हाथ में होगी गेट की कमान, बिना इजाजत नहीं खुलेगा फाटक
