विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में धान की 'कैश' कटनी, खेत में हार्वेस्टर चलते ही कैश में बिक गया सैकड़ों क्विंटल धान

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:11 AM (IST)

शाहपुर और आसपास के गांवों में धान की कटनी शुरू होते ही किसानों को फसल का अच्छा बाजार भाव मिल ...और पढ़ें

खेत से कटते ही बिक गया धान, मिला 2800 रुपये क्विंटल तक भाव (AI Generated Image)

खेत से कटते ही बिक गया धान, मिला 2800 रुपये क्विंटल तक भाव (AI Generated Image)

HighLights

  1. किसानों ने खेत से ही 2800 रुपये प्रति क्विंटल तक धान बेचा।

  2. भंडारण और सरकारी खरीद के इंतजार से मिली किसानों को राहत।

  3. स्थानीय व्यापारी सीधे किसानों से धान खरीद रहे हैं।

दिलीप कुमार ओझा, शाहपुर (आरा)। धान की कटनी शुरू होते ही थाना क्षेत्र के शिवपुर और आसपास के गांवों में किसानों को फसल का अच्छा बाजार भाव मिलने लगा है। स्थिति यह है कि कई किसानों का धान खलिहान तक पहुंचने से पहले ही खेत में हार्वेस्टिंग के दौरान व्यापारियों ने खरीद लिया।

शुरुआती दौर में किसानों को 2700 से 2800 रुपये प्रति क्विंटल तक कीमत मिली है। इससे किसानों को अच्छी कमाई हुई है और उन्हें सरकारी खरीद का इंतजार भी नहीं करना पड़ा।

शिवपुर गांव के किसान कमलेश पांडेय ने बताया कि उन्होंने करीब 300 क्विंटल स्वर्णा प्रजाति के धान की उपज स्थानीय व्यापारियों को हार्वेस्टिंग के दौरान ही बेच दी। उस समय बाजार में अच्छी कीमत मिल रही थी। खेत से सीधे धान की बिक्री हो जाने से उन्हें भंडारण और ढुलाई की परेशानी से भी राहत मिली।

वहीं, धान खरीदने वाले स्थानीय व्यापारी अशोक साह ने बताया कि अब तक करीब दर्जनों किसानों के लगभग 100 टन धान की खरीदारी की जा चुकी है। शुरुआती दौर में बाजार में तेजी रहने के कारण किसानों को 2700 से 2800 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिला।

हालांकि, अब धीरे-धीरे कीमतों में गिरावट आ रही है। फिलहाल बाजार में धान की प्रजाति और गुणवत्ता के अनुसार 2400 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव चल रहा है।

उन्होंने बताया कि काजल, दामिनी, मोती और मोती गोल्ड जैसी प्रजातियों के धान की भी खरीदारी की जा रही है। खरीदे गए धान को जिले के ही कुछ मिलरों को बेच दिया गया। जिससे वो उसना चावल बना रहे हैं। मिलरों द्वारा मांग के अनुरूप चावल तैयार कराया जा रहा है।

इधर, शाहपुर खांटी एग्रो के निदेशक उमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि इस बार धान के बाजार में अच्छी तेजी रहने की संभावना है। बाहरी व्यापारी भी स्थानीय कारोबारियों के संपर्क में रहकर महीन धान की खरीदारी पर नजर बनाए हुए हैं। जैसे-जैसे धान की कटनी तेज होगी, खरीदारी में भी तेजी आने की उम्मीद है।

सरकारी खरीद से पहले ही नकद बाजार का विकल्प

किसानों के लिए खेत से ही धान की बिक्री करना फायदेमंद साबित हो रहा है। उन्हें न तो फसल के भंडारण की चिंता करनी पड़ रही है और न ही सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीदारी शुरू होने का इंतजार करना पड़ रहा है।

हालांकिस किसानों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में बाजार में धान का भाव किस स्तर पर रहता है। बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद में किसान जल्द से जल्द कटनी पूरी कर अपनी उपज बेचना चाहते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।