विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPL बेटिंग, दुबई कनेक्शन और 8 करोड़ का लेनदेन; बिहार में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश

Published: Sat, 30 May 2026 08:55 PM (IST)

Bihar Cyber Fraud: भोजपुर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ ...और पढ़ें

ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी

ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए करोड़ों की ठगी 

HighLights

  1. ऑनलाइन गेमिंग ऐप से करोड़ों की ठगी का खुलासा।

  2. दानापुर से नौ आरोपी गिरफ्तार, दुबई कनेक्शन सामने आया।

  3. महादेव ऐप की तर्ज पर 'लोटस बुक' से ठगी।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। जिले की साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने पटना जिले के दानापुर स्थित आरकेपुरम इलाके में छापेमारी कर गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई की जानकारी साइबर डीएसपी स्नेह सेतु ने प्रेस वार्ता में दी।

दानापुर के किराये के फ्लैट से चल रहा था नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले छह महीने से दानापुर के एक किराये के फ्लैट में रहकर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

मोबाइल नंबरों की लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर पुलिस टीम आरोपितों तक पहुंची और उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।

46 मोबाइल, 7 लैपटॉप समेत भारी मात्रा में सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 46 मोबाइल फोन, सात लैपटॉप, 32 सिम कार्ड, 52 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 19 बैंक पासबुक, एक स्कैनर, पांच आधार कार्ड, चार पैन कार्ड और दो वोटर आईडी बरामद किए।

बरामद सामान से गिरोह के संगठित तरीके से काम करने के संकेत मिले हैं।

छह महीने में करीब 8 करोड़ के लेन-देन के सबूत

जांच के दौरान बिहार ग्रामीण बैंक के तीन संदिग्ध खातों में पिछले पांच से छह महीनों के भीतर लगभग 7.85 करोड़ रुपये के जमा और निकासी के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस का मानना है कि यह रकम साइबर ठगी और ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के जरिए जुटाई गई थी।

दुबई से नियंत्रित हो रहा था पूरा खेल

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सीधा संबंध दुबई से जुड़ा हुआ है। जांच में पता चला है कि ऑनलाइन एप और वित्तीय गतिविधियों का नियंत्रण विदेश से किया जा रहा था।

बिहार के अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक समेत कई राज्यों से भी इस नेटवर्क के खिलाफ शिकायतें दर्ज हुई थीं।

'महादेव एप' की तर्ज पर चल रहा था 'लोटस बुक'

साइबर डीएसपी ने बताया कि आरोपी 'महादेव एप' की तर्ज पर 'लोटस बुक' नामक प्लेटफॉर्म चला रहे थे।

इसके माध्यम से क्रिकेट, फुटबॉल, कैसीनो जैसे ऑनलाइन गेम के नाम पर लोगों को फंसाकर पैसे वसूले जाते थे। आईपीएल के दौरान भी बड़े स्तर पर बेटिंग कराई गई थी।

खातों और मास्टरमाइंड की तलाश जारी

पुलिस अब उन बैंक खातों के वास्तविक संचालकों और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है।

जांच एजेंसियां दुबई कनेक्शन की भी गहराई से पड़ताल कर रही हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।