पिता इंजीनियर, बेटा बना IFS अधिकारी; भोजपुर के कुमार विवेकानंद ने देशभर में हासिल की 22वीं रैंक
भोजपुर के कुमार विवेकानंद ने यूपीएससी भारतीय वन सेवा परीक्षा 2025 में 22वीं रैंक हासिल कर बिहार और झारखंड का नाम रोशन किया है। आईआईटी खड़गपुर से पढ़ाई के बाद उन्होंने समाज सेवा के लक्ष्य के साथ यह सफलता प्राप्त की।

भारतीय वन सेवा के अधिकारी बने भोजपुर के कुमार विवेकानंद। फाइल
HighLights
कुमार विवेकानंद ने IFS परीक्षा में 22वीं रैंक प्राप्त की।
भोजपुर के मूल निवासी, बोकारो में पले-बढ़े।
आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की।
संवाद सूत्र, अगिआंव (आरा)। सपने बड़े हों और इरादे मजबूत, तो साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर भी असाधारण सफलता हासिल की जा सकती है।
भोजपुर जिले के बेरथ गांव के मूल निवासी कुमार विवेकानंद ने यही साबित कर दिखाया है। यूपीएससी में उन्होंने परचम लहराया है।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2025 में उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 22वीं रैंक प्राप्त कर बिहार और झारखंड दोनों का नाम रोशन किया है।
झारखंड के बोकारो से की पढ़ाई
झारखंड के बोकारो जिला स्थित ललपनिया में पले-बढ़े कुमार विवेकानंद की सफलता आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
जैसे ही यूपीएससी ने शनिवार को अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित किया, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
विवेकानंद के पिता संतोष कुमार टीवीएनएल में सहायक कार्यपालक अभियंता हैं, जबकि माता मंजू सिंह गृहिणी हैं। परिवार से मिले संस्कार, अनुशासन और शिक्षा ने उन्हें शुरू से ही आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
स्कूल के समय ही दिख गई थी प्रतिभा
छात्र जीवन में भी वे हमेशा मेधावी रहे। आठवीं कक्षा में उन्होंने राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (NTSE) उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था।
इसके बाद उन्होंने आईआईटी खड़गपुर (Indian Institute of Technology Kharagpur) से विनिर्माण विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में बीटेक तथा औद्योगिक प्रबंधन में परास्नातक की डिग्री हासिल की।
तकनीकी क्षेत्र में शानदार करियर की संभावनाएं होने के बावजूद उनका सपना केवल निजी सफलता तक सीमित नहीं था। वे समाज और लोगों के बीच रहकर बदलाव लाना चाहते थे। यही सोच उन्हें सिविल सेवा की ओर ले आई।
मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास जरूरी
कुमार विवेकानंद का कहना है कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास सबसे जरूरी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत को दिया।
उनकी इस उपलब्धि पर रत्नाढ़ पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह सहित कई लोगों ने बधाई दी और कहा कि विवेकानंद की सफलता गांव और क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा है।
आज कुमार विवेकानंद की कहानी यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार, तो हर कठिनाई को पार कर सफलता हासिल की जा सकती है।