आरा में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, दशहरा मेला देखकर लौट रहे युवक की मौत; पटना-बक्सर हाईवे जाम
भोजपुर के कोईलवर में पटना-बक्सर हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिंटू कुमार नामक युवक को कुचल दिया, जिससे ...और पढ़ें

आरा-बक्सर जाम में फंसी गाड़ियां और मौके पर पहुंची पुलिस। जागरण
HighLights
कोईलवर में ट्रक ने युवक पिंटू कुमार को कुचला।
पटना-बक्सर हाईवे पर मौके पर ही मौत हुई।
मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया जाम।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-बक्सर हाईवे पर कुल्हड़िया गांव के समीप मंगलवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक युवक को कुचल दिया।
इससे घटनास्थल पर ही गीधा थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव निवासी स्व. शारदा राय के 30 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुल्हड़िया के समीप पटना-बक्सर हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के स्वजन को मुआवजा देने की मांग को लेकर वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़े थे।
पटना-बक्सर हाइवे किया जाम
सड़क जाम होने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया। जाम में फंसकर राहगीर परेशान होते रहे।
बताया जाता है कि दोस्तों के साथ दशहरा का मेला देखकर पिंटू घर लौट रहा था। इसी क्रम में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।
घटनास्थल पर ही पिंटू ने तोड़ा दम
घटना का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते ही देखते ग्रामीण आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए और आवागमन बाधित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोईलवर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इ
स दौरान कुल्हड़िया के पूर्व मुखिया सुरेंद्र राय ने भी ग्रामीणों को समझाया। थानाध्यक्ष और पूर्व मुखिया के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के स्वजन में कोहराम मच गया। वहीं, सड़क जाम के कारण हाईवे पर काफी देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
