विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली के महुआ में दो सड़क हादसों ने छीनी 3 जिंदगियां, मेला देखकर लौट रहे मैट्रिक के दो छात्रों की मौत

Published: Tue, 20 Oct 2026 03:25 PM (IST)

वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें ...और पढ़ें

घटना के बाद मृतक के घर जुटे ग्रामीण। जागरण

घटना के बाद मृतक के घर जुटे ग्रामीण। जागरण

HighLights

  1. महुआ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत।

  2. दुर्गा पूजा मेला देखकर लौट रहे दो किशोरों की जान गई।

  3. अज्ञात वाहनों की टक्कर से दो घायल, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सहयोगी, महुआ। वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों में दो क‍िशोर समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्गा पूजा के दौरान महानवमी का मेला देखकर घर लौट रहे दो किशोर छात्रों की मौत से सिंहराय गांव में मातम पसरा है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहली घटना महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहराय गांव के पश्चिम टोला वार्ड-16 की है। तीन दोस्‍त सोमवार शाम सिंघाड़ा गोविंदपुर में दर्शन करने गए थे। 

एक ही बाइक से लौटते समय हादसा, दो की मौत

मेला देखकर तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान महुआ मेडिकल कॉलेज के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही सोहन राय के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ भुल्ला राय (17), विनोद राय के पुत्र अमन कुमार ( 17) की मौत हो गई।

आलोक राय के पुत्र प्रीतम कुमार (16) को महुआ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अभिषेक और अमन मैट्रिक के छात्र थे, जबकि घायल प्रीतम नौवीं कक्षा में पढ़ता है। तीनों एक ही गांव के और आपस में दोस्त थे।

अधेड़ को अज्ञात वाहन ने मारी टक्‍कर 

दूसरी घटना महुआ-देसरी मुख्य सड़क पर भदवास गांव के समीप हुई। यहां अल्लीपुर मुकुंद गांव निवासी बच्चू राय के 56 वर्षीय पुत्र विनोद राय पैदल जा रहे थे।

अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने देर रात आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहनों की तलाश में जुटी है। दो अलग-अलग हादसों में तीन मौतों से पूरे महुआ इलाके में शोक की लहर है।