भोजपुर में प्रापर्टी डीलर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, बेटे के केस से जुड़ा विवाद आया सामने
भोजपुर के गजराजगंज ओपी क्षेत्र में एक प्रापर्टी डीलर राजू कुमार को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में भर्ती राजू कुमार।
HighLights
प्रापर्टी डीलर राजू कुमार को बदमाशों ने मारी दो गोली।
हमला बेटे के अपहरण-मारपीट केस से जुड़ा बताया जा रहा।
दशरथ यादव और विक्की यादव पर केस वापस लेने का आरोप।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव में मंगलवार की शाम बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर खड़े एक प्रापर्टी डीलर को ताबड़तोड़ दो गोलियां मार दीं और फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल प्रापर्टी डीलर को इलाज के लिए शहर के महावीर टोला स्थित मेडिकान अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जख्मी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। जख्मी प्रापर्टी डीलर की पहचान चौकीपुर गांव निवासी कमल यादव के 40 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है।
बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
उन्हें एक गोली बाईं जांघ और दूसरी बाईं ओर पेट में लगी है। हमलावर एक बाइक पर तीन की संख्या में थे। इस दौरान सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच पूरे मामले की जांच की।
ओपी प्रभारी सुंदेश्वर कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इधर, घायल राजू कुमार ने पुलिस को बताया कि चार-पांच माह पूर्व उनके बेटे रितेश कुमार को स्कूल से अगवा कर उसके साथ मारपीट की गई थी।
बेटे के अपहरण व मारपीट के केस को उठाने का दबाव देने का आरोप
इस मामले में उन्होंने दशरथ यादव समेत अन्य लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उक्त केस को उठाने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था और कई बार धमकी भी दी गई थी।
चार दिन पूर्व धमकी मिलने की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी थी। जख्मी के अनुसार, मंगलवार की शाम वह अपने घर के बाहर खड़े थे।
इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
राजू कुमार ने केस उठाने के विवाद में दशरथ यादव और उसके भतीजे विक्की यादव समेत अन्य पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
पूर्व से धमकी देने का भी आरोप है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।
ऑपरेशन कर निकाला गया बुलेट
वहीं, इलाज कर रहे मेडिकान अस्पताल के आर्थो सर्जन डाॅ. सूर्यकांत निराला व डाॅॅ. सौरव द्वीवेदी ने बताया कि युवक को दो गोली लगी है।
उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। एक गोली आर-पार है। दूसरा बुलेट निकाल दिया गया है। अंदरूनी पार्ट की जांच की जा रही है।
