बिहार में जाति और हिंसा पर गाना बनाने वालों पर एक्शन, टुनटुन यादव समेत 45 भोजपुरी गायकों-स्टूडियों पर FIR दर्ज
भोजपुर पुलिस ने भोजपुरी गीतों के माध्यम से रंगदारी, हिंसा और जातिगत वर्चस्व को बढ़ावा देने वालों पर कार्रवाई की है।

जिद्दी ब्वाय और टुनटुन यादव। फाइल फोटो
HighLights
भोजपुरी गीतों से हिंसा, रंगदारी, जातिगत वर्चस्व को बढ़ावा।
आरा साइबर थाने में 45 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज।
टुनटुन यादव समेत कई गायक, स्टूडियो संचालक शामिल।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुरी गीतों के जरिए रंगदारी, हिंसा, अवैध हथियारों के प्रदर्शन और जातिगत वर्चस्व को बढ़ावा देने के आरोप में भोजपुर पुलिस ने कार्रवाई की है।
इंटरनेट मीडिया निगरानी के दौरान चिह्नित किए गए छह विवादित भोजपुरी गानों, उनसे जुड़े गायकों, गीतकारों, रिकॉर्डिंग स्टूडियो और इंटरनेट मीडिया अकाउंट संचालकों समेत 45 के विरुद्ध आरा के साइबर थाने में प्राथमिकी कराई गई है।
साइबर पुलिस ने इस मामले में इंस्टाग्राम और यूट्यूब के आठ अकाउंट तथा आपत्तिजनक पोस्ट के लिंक धारकों पर भी कार्रवाई की है। एसपी अवधेश दीक्षित ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
इन पर हुई FIR
पुलिस के अनुसार साइबर थाने के इंटरनेट मीडिया प्रभारी सह दारोगा निखिल राय की ओर से यह प्राथमिकी की गई है। प्राथमिकी में इन गीतों से जुड़े सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो, जागृति स्टूडियो आदि का नाम का उल्लेख किया गया है।
वहीं, भोजपुरी के गायक टुनटुन यादव, जिद्दी बाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, रीतेश ठाकुर, विजय यादव, सृष्ठि भारती, राजा अविनाश, राधे बिहारी रोहित शामिल हैं।
वहीं गीतकार सूरज सोनालिका, हरेराम अकेला, सुनील सागर, जेपी राहुल, सोनू पांडेय, अरुण उमंग के नाम हैं। छह से अधिक विवादित गाने साइबर पुलिस के रडार पर आए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन गानों को बैकग्राउंड आडियो के रूप में इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम अकाउंट्स से ऐसे रील्स और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर हथियार लहराने, डराने-धमकाने और जातिगत तनाव बढ़ाने वाली सामग्री दिखाई जा रही है।
इससे जिले की लोकशांति और विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। युवाओं पर भी इसके प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।
पुलिस ने जांच के लिए आठ इंस्टाग्राम प्रोफाइल और उनसे जुड़े रील्स के लिंक चिह्नित किए हैं। इनमें जिद्दी ब्वाय चंदन और गीतकार सूरज सोनालिका से जुड़े अकाउंट भी शामिल हैं।
इसके अलावा जिद्दी ब्वाय चंदन ऑफिशियल नाम से संचालित यूट्यूब चैनल और उस पर प्रसारित वीडियो को भी प्राथमिकी में शामिल किया गया है।
साइबर पुलिस की ओर से प्राथमिकी कर संबंधित गानों के निर्माण, प्रसारण और डिजिटल वितरण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इनके माध्यम से हिंसा, रंगदारी और जातिगत वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली सामग्री प्रसारित की जा रही है। -अवधेश दीक्षित, एसपी।