आरा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़: दालान में बन रहे थे अवैध हथियार, बाप-बेटों समेत 5 गिरफ्तार
भोजपुर के आयर गांव में पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जिसमें संचालक समेत पांच लोगों को ...और पढ़ें

भोजपुर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, संचालक और उसके बेटों सहित पांच गिरफ्तार
HighLights
भोजपुर के आयर गांव में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़।
संचालक लाल बाबू शर्मा समेत पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए।
देसी हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र के आयर गांव में पुलिस ने गुरुवार की शाम छापामारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का राजफाश किया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार बनाने के आरोप में संचालक समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में आयर निवासी लाल बाबू शर्मा, उसके दो पुत्र सूरज शर्मा व राज किशोर शर्मा, आयर थाना क्षेत्र के श्रीधरा टोला निवासी उमेश सिंह तथा सहार थाना क्षेत्र के वंशीडिहरी निवासी कौशल राय शामिल हैं। कौशल वर्तमान में पीरो थाना क्षेत्र के बिहिया रोड स्थित अंबेडकर मोहल्ले में रहता है।
शुक्रवार को भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, एक देसी बंदूक, एक देसी सिक्सर और एक एयरगन के अलावा हथियार बनाने में प्रयुक्त मशीन व अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाल बाबू शर्मा का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध करीब सात-आठ मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि आयर गांव निवासी लाल बाबू शर्मा अपने दो पुत्रों सूरज शर्मा और राज किशोर शर्मा के साथ दालान में चोरी-छिपे अवैध हथियार बना रहा है।
सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष वंदना कुमारी व दारोगा प्रमोद चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर दालान में छापामारी की गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपित भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लाल बाबू शर्मा और उसके दोनों पुत्रों को पकड़ लिया।
दालान की तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा, एयरगन, रायफल का बोल्ट, हथियार बनाने वाली मशीन के अलावा आरी, रेती, छेनी, हथौड़ा समेत 11 प्रकार की सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया।
निशानदेही पर सिक्सर समेत दो हथियार बरामद
पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर कार्रवाई आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, लाल बाबू शर्मा ने उमेश सिंह को देसी बंदूक बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद उमेश सिंह को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मोरसिया-तीनगड़ा मोड़ के समीप सड़क किनारे झाड़ी में छिपाकर रखी गई देसी बंदूक बरामद की गई।
वहीं, लाल बाबू शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने पीरो थाना क्षेत्र के बिहिया रोड स्थित अंबेडकर मोहल्ले में छापामारी कर कौशल राय को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में कौशल ने पुलिस को बताया कि खरीदा गया सिक्सर पीरो के देचना निवासी कुंदन राय के दालान में चौकी के नीचे छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापामारी कर देसी सिक्सर बरामद कर लिया। हालांकि, कुंदन राय पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका।
इस मामले में दारोगा प्रमोद चौधरी के बयान पर छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
दो साल पहले भी खुली थी मिनी गन फैक्ट्री
पुलिस के अनुसार, अगस्त 2024 में भी आयर गांव में छापामारी कर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया गया था। उस दौरान पुलिस ने दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए थे।
दो साल के भीतर इसी गांव में दोबारा मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा होने से पुलिस अवैध हथियार निर्माण के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- मानवाधिकार की आड़ में गोड्डा में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, संचालक बोकारो से गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- रोहतास के शिवसागर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक तस्कर गिरफ्तार
