भोजपुर में बेकाबू इनोवा का कहर, सेवानिवृत्त शिक्षक और युवक की मौत, हाईवे जाम
भोजपुर के पीरो-बिहटा हाईवे पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने सेवानिवृत्त शिक्षक समेत दो लोगों को कुचल दिया, जिससे ...और पढ़ें

मुआवजे की मांग पर साढ़े तीन घंटे जाम
HighLights
तेज रफ्तार इनोवा ने दो लोगों को कुचला, मौके पर मौत।
मृतकों में सेवानिवृत्त शिक्षक और एक युवक शामिल थे।
ग्रामीणों ने मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग पर हाईवे जाम किया।
जागरण संवाददाता, आरा/तरारी(भोजपुर)। भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरो-बिहटा हाईवे पर सिकरहटा खुर्द स्थित पोल्ट्री फार्म के समीप सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा कार ने सेवानिवृत्त शिक्षक समेत दो लोगों को कुचल दिया।
हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार सड़क किनारे नाले में पलट गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
पहले शिक्षक को मारी टक्कर, फिर युवक को रौंदा
मृतकों की पहचान सिकरहटा खुर्द निवासी 65 वर्षीय मो. रमजान अली एवं 25 वर्षीय मो. जाबीर उर्फ मुन्ना अंसारी के रूप में हुई है।
मो. रमजान अली सेवानिवृत्त शिक्षक थे। बताया जाता है कि वह बैंक से पैसे निकालकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार ने पहले उन्हें टक्कर मारी, फिर बिजली के पोल से टकराने के बाद निर्माणाधीन मकान की देखरेख कर रहे मो. जाबीर को भी अपनी चपेट में ले लिया।
नाले में पलटी कार, चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का पोल टूट गया और मो. जाबीर कार के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इनोवा सड़क किनारे नाले में पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक समेत कार में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिकरहटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
मुआवजे की मांग पर साढ़े तीन घंटे जाम
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों शवों के साथ पीरो-बिहटा हाईवे जाम कर मुआवजा, स्पीड ब्रेकर निर्माण और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
करीब साढ़े तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पीरो सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, सीओ सुमित कुमार और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
