भोजपुर में गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, चार घंटे से सड़क जाम और आगजनी
भोजपुर में गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने साइकिल सवार को रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।

आरा-सहार पथ को जाम करते ग्रामीण। जागरण
HighLights
गैस सिलेंडर ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, गंभीर घायल।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चार घंटे तक सड़क जाम और आगजनी की।
जगदीशपुर में कार-बाइक टक्कर में एक युवक की मौत।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के आरा-सहार पथ पर खरौंनी गांव के समीप शुक्रवार को गैस सिलेंडर लदे अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार को रौंद दिया।
हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी स्व. सदानंद सिंह के पुत्र विक्रम सिंह के रूप में हुई है।
गंभीर हालत में चल रहा इलाज
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा भेजा गया। इधर, हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने खरौंनी गांव के समीप सड़क जाम कर दिया और आगजनी कर चार घंटे तक विरोध जताया।
ग्रामीण घायल के लिए मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। सड़क जाम और आगजनी के कारण आरा-सहार पथ पर आवागमन बाधित हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार की रात सड़क हादसे में एक की मौत
वहीं एक दूसरी घटना में बुधवार रात जगदीशपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर रामचंद्र के बथान गांव के समीप कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के अखोरी मोहल्ला, वार्ड नंबर नौ निवासी मोतीलाल राम के 20 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। वह इंटर का छात्र था।
वहीं, जख्मी युवक उसी मोहल्ले के मुन्ना अली का 18 वर्षीय पुत्र आसिफ अली है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।