विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में मंचूरियन से दादी-पोती की मौत के बाद एक्शन में फूड विभाग, हसनबाजार में दुकानों पर छापामारी

Published: Mon, 14 Sep 2026 02:18 PM (IST)

भोजपुर के हसन बाजार में मंचूरियन खाने से दादी-पोती की मौत के बाद खाद्य विभाग हरकत में आ गया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. मंचूरियन खाने से दादी-पोती की दुखद मौत हुई।

  2. भोजपुर के हसन बाजार में खाद्य विभाग ने जांच शुरू की।

  3. टीम ने कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना के हसनबाजार गांव में मंचूरियन खाने से दादी-पोती की मौत के बाद अब फूड विभाग भी हरकत में आ गया है।

रविवार की शाम फूड इंस्पेक्टर जय प्रकाश गौतम के नेतृत्व में टीम हसन बाजार पहुंची और खाद्य पदार्थों की जांच शुरू की। खबर लिखे जाने तक टीम मंचूरियन, चाउमिन और मिठाई दुकानों की जांच कर रही थी।

रविवार की देर शाम विभाग की टीम ने हसनबाजार में करीब एक दर्जन दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया।

कई दुकानों पर ताले लटके मिले, जबकि कुछ दुकानदार दुकान छोड़कर भाग गए। टीम ने मिष्ठान भंडार, फास्ट फूड समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की। विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी जयप्रकाश गौतम ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा।

मानक के विपरीत या मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। हसन बाजार ओपी प्रभारी जयराम शुक्ला ने बताया कि टीम मंचूरियन, चाउमिन और मिठाई दुकानों की जांच कर रही है।

मंचूरियन खाने से हुई थी मौत

आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि गुरुवार की शाम कुंदन कुमार गुप्ता के ममेरे भाई द्वारा घर में मंचूरियन लाया गया था।

परिवार के रोहित कुमार, बिट्टू कुमार, काव्या कुमारी और उसकी दादी चंद्रावती कुंअर ने इसे खाया था। करीब एक घंटे बाद सभी को पेट दर्द और उल्टी होने लगी थी। गंभीर हालत में काव्या को बिक्रमगंज के निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

वहीं, उसकी 70 वर्षीय दादी चंद्रावती कुंअर को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया था। शनिवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई थी। दोनों शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया है।

बीमार रोहित और बिट्टू का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां उनकी हालत अब ठीक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने फूड इंस्पेक्टर की मौजूदगी में मंचूरियन विक्रेताओं को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू की है।

यह भी पढ़ें- मंचूरियन ने ली जान, भोजपुर में बच्ची की मौत के बाद हड़कंप; दादी-भाई अस्पताल में भर्ती