विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में बाढ़ के पानी में बाइक समेत बह गए तीन युवक, दो लापता; डायवर्सन पार करते समय हादसा

Published: Tue, 01 Sep 2026 12:45 PM (IST)

शाहपुर-बनाही रोड पर छेर नदी के डायवर्सन पर बाढ़ का पानी पार करते समय तीन युवक बाइक समेत तेज धार ...और पढ़ें

HighLights

  1. शाहपुर में छेर नदी के डायवर्सन पर हादसा।

  2. बाढ़ के पानी में बाइक समेत बहे तीन युवक।

  3. दो युवक लापता, SDRF टीम तलाश में जुटी।

संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। शाहपुर-बनाही रोड पर छेर नदी के डायवर्सन पर बाढ़ का पानी पार करना मंगलवार की दोपहर तीन युवकों को भारी पड़ गया।

बाइक से डायवर्सन पार करने के दौरान तीनों युवक तेज धार की चपेट में आकर बाइक समेत नदी के पानी में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 

दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। लापता युवकों की पहचान शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित शोभिटोला निवासी सचिन रवानी (21) और संदीप रवानी (20) के रूप में हुई है।

डूबे डायवर्सन को बाइक पर चढ़कर पार करते समय बहे 

बताया जाता है कि तीनों दोस्त मंगलवार की दोपहर बाइक से रुद्रनगर गांव गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान छेर नदी के डायवर्सन पर बाढ़ का पानी बह रहा था।

इसके बावजूद तीनों बाइक से पानी पार करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान अचानक तेज धार की चपेट में आने से बाइक समेत तीनों युवक बह गए।

आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने एक युवक को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, सचिन रवानी और संदीप रवानी का कोई पता नहीं चल सका।

एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई।

नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण खोजबीन में परेशानी हो रही है। प्रशासन की ओर से लापता युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। लापता युवकों के स्वजन घटनास्थल पर पहुंच गए।  

यह भी पढ़ें- जहानाबाद में चारों नदियां उफान पर, जाफरगंज पुल पर चढ़ा पानी; शहर के दो हिस्सों का संपर्क बाध‍ित