आरा: 'भाभी आप होटल से आ गईं...', इसी बात पर भड़का पति, सगे भाई के सीने में उतार दी गोली
आरा के श्रीनगर भकुरा गांव में मामूली विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी। भाभी पर व्यंग्य करने को लेकर हुए झगड़े में घायल युवक को पटना रेफर किया गया, पुलिस जांच कर रही है।

व्यंग्य किए जाने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली
HighLights
बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मारी।
मामूली विवाद भाभी पर व्यंग्य से शुरू हुआ।
घायल युवक पटना रेफर, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, आरा। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर भकुरा गांव में गुरुवार की शाम मामूली विवाद को लेकर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को गोली मार दी। गोली युवक के सीने के दाएं हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्वजन ने उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर भकुरा गांव निवासी स्वर्गीय गोकुल शर्मा का 25 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार शर्मा उर्फ मोनू शर्मा है।
थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने बताया कि भाभी पर व्यंग्य किए जाने को लेकर भाइयों के बीच उपजे विवाद की बात सामने आ रही है। आरोपित पक्ष से पूछताछ चल रही है।
बताया गया कि मनोज कुमार शर्मा उर्फ मोनू शर्मा की भाभी एक होटल में काम करती हैं। गुरुवार की शाम जब वह काम से घर लौटीं, तो मनोज ने उनसे कहा, 'भाभी, आप होटल से काम करके वापस आ गईं।' इसी बात को लेकर भाभी ने अपने पति से शिकायत कर दी।
इसके बाद बड़ा भाई घर पहुंचा और मनोज के साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
इसी दौरान बड़े भाई सन्नी शर्मा ने मनोज पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।