छठ पर भोजपुर को CM सम्राट ने दी 14.78 करोड़ की सौगात, देव-वरुणार्क धाम की बदली तस्वीर
भोजपुर के तरारी स्थित प्राचीन देव-वरुणार्क सूर्य मंदिर में 14.78 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया।

देव वरुणार्क सूर्य मंदिर के विकास कार्यों का उद्घाटन करते सीएम सम्राट चौधरी। सौ-एक्स
HighLights
देव-वरुणार्क सूर्य मंदिर में 14.78 करोड़ के विकास कार्य।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया उद्घाटन।
श्रद्धालुओं के लिए अतिथि गृह, चेंजिंग रूम, घाटों का विकास।
संवाद सूत्र, तरारी (आरा)। छठ महापर्व के बीच भोजपुर के प्राचीन देव-वरुणार्क सूर्य मंदिर को विकास की नई सौगात मिली है।
तरारी स्थित इस ऐतिहासिक सूर्य मंदिर परिसर में 14.78 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परियोजना का उद्घाटन किया। उन्होंने इसकी जानकारी अपने एक्स हैंडल पर साझा करते हुए लिखा, 'जय छठी मैया।'
मौके पर डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री केदार गुप्ता भी थे। इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर से लेकर यहां स्थित 51 बीघे के विशाल तालाब तक श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कई निर्माण कार्य कराए गए हैं। इससे छठ के दौरान यहां आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
अतिथि गृह से लेकर महिलाओं के चेंजिंग रूम तक की व्यवस्था
विकास योजना के तहत मंदिर परिसर में अतिथि गृह का निर्माण कराया गया है। महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए चेंजिंग रूम भी बनाया गया है।
इसके अलावा परिसर की सुरक्षा और सुव्यवस्थित स्वरूप के लिए बाउंड्री वॉल तथा आकर्षक तोरण द्वार का निर्माण कराया गया है।
मंदिर से जुड़े विशाल तालाब के घाटों का भी विकास किया गया है। मंदिर से पोखरा तक आवागमन के लिए पथ बनाया गया है।
इससे श्रद्धालुओं को मंदिर और तालाब के बीच आने-जाने में सहूलियत होगी। छठ के अवसर पर तालाब में अर्घ्य देने पहुंचने वाले व्रतियों के लिए घाटों का विकास विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकता है।
द्वापर युग से जुड़ी हैं मान्यताएं
देव-वरुणार्क धाम अपनी प्राचीनता और द्वापर युग से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण क्षेत्र में विशेष महत्व रखता है। सूर्य उपासना के इस प्रमुख स्थल पर छठ सहित अन्य अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मंदिर और तालाब परिसर के विकास से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। इस परियोजना से भोजपुर के साथ आसपास के जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।