दिल्ली से आकर भोजपुर के गांव में चला रहे थे साइबर ठगी का अड्डा, 27 मोबाइल और 34 सिम के साथ 9 दबोचे गए
भोजपुर पुलिस ने क्रेडिट कार्ड प्रोटेक्शन और इंश्योरेंस के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
-1792331960268_m.webp)
गिरफ्तार आरोपितों के साथ साइबर पुलिस टीम। (जागरण)
HighLights
भोजपुर में अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश।
दिल्ली से आकर क्रेडिट कार्ड ठगी का अड्डा चला रहे थे।
नौ आरोपित गिरफ्तार, 27 मोबाइल और 34 सिम बरामद।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले की साइबर पुलिस ने क्रेडिट कार्ड प्रोटेक्शन प्लान (सीपीपी) और इंश्योरेंस ऑफर के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का राजफाश किया है।
पुलिस ने सिकरहटा थाना क्षेत्र के चकिया गांव स्थित एक मकान में छापामारी कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 27 मोबाइल, दो लैपटॉप, 34 सिम कार्ड, 11 डेबिट कार्ड और 22 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल के निवासी भी शामिल हैं। सभी का वर्तमान पता दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्थित किराड़ी सुलेमान नगर बताया गया है।
रविवार को साइबर डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में सिवान जिले के चितौर आंद्रा बाजार निवासी अभिषेक उर्फ विष्णु, समस्तीपुर जिले के पटसा, हसनपुर निवासी अखील आनंद, गोपालगंज जिले के गौरा बाजार निवासी नितेश कुमार साह, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के झिकरा निवासी राजीव दास, रोहतास जिले के हरकमल डिहरी निवासी अभिषेक कुमार, भोजपुर के धनगाई थाना के सावन टोला निवासी विक्की कुमार, सिकरहटा थाना के चकिया निवासी शुभम पटेल, नालंदा जिले के कपासिया हिलसा निवासी नीरज कुमार और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सोलेमान नगर दिल्ली के कौशल कुमार शामिल हैं।
इंटरनेट कॉल कर 2499 रुपये के इंश्योरेंस का झांसा देकर लोगों से ओटीपी लेते थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे जून 2026 से दिल्ली में रहकर इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त थे और करीब 15 दिन पहले भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना के चकिया गांव निवासी शुभम पटेल के यहां आए थे और दो अलग-अलग कमरों से गैंग का संचालन कर रहे थे।
पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- मैथिली ठाकुर के शो के नाम पर ठगी, दारोगा और शिक्षक से भी हड़पे लाखों; मधेपुरा से गिरफ्तार हुआ शातिर
