आरा को 8.50 अरब की सौगात: बिहिया और बड़हरा में बनेंगे दो नए बाईपास, रोजाना 10 हजार गाड़ियों को राहत
आरा जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए बिहिया और बड़हरा में 8.50 अरब रुपये की लागत से दो नए बाईपास बनाए जाएंगे।

बिहिया और बड़हरा में 8.50 अरब के दो नए बाईपास से जाम से मिलेगी मुक्ति (AI Generated Image)
HighLights
बिहिया और बड़हरा में दो नए बाईपास बनेंगे।
परियोजना की कुल लागत लगभग 8.50 अरब रुपये है।
इससे यातायात जाम और दबाव में कमी आएगी।
धर्मेंद्र कुमार सिंह, आरा। जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए बिहिया और बड़हरा क्षेत्र में दो नए बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। करीब 8.50 अरब रुपये की लागत से बनने वाले इन दोनों बाईपास से रोजाना करीब 10 हजार वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही 50 हजार से अधिक लोगों को परिवहन सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।
दोनों बाईपास बनने के बाद बिहिया चौरस्ता और नगर क्षेत्र के साथ आरा-बबूरा फोरलेन पर भी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। खासकर बड़े वाहनों को बाजार और घनी आबादी वाले इलाकों में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बिहिया बाजार बाईपास की लंबाई करीब 6.60 किलोमीटर है। वर्तमान में इसकी चौड़ाई 3.75 मीटर है, जिसे बढ़ाकर करीब सात से 10 मीटर किया जाना प्रस्तावित है। इस बाईपास के निर्माण पर लगभग पांच अरब रुपये खर्च होंगे।
बाईपास बनने के बाद जगदीशपुर की तरफ से बिहिया बाजार की ओर आने वाले बड़े और बाहरी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। यह मार्ग बियाडा के रास्ते टीपुरा होते हुए कटेया-अमराई नवादा से आरा-बक्सर हाईवे पर निकलेगा। इससे वाहनों को बिहिया बाजार और बिहिया आरओबी क्षेत्र से होकर गुजरने की मजबूरी नहीं होगी।
वर्तमान में बाजार और आरओबी के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है। बाईपास बनने के बाद इस दबाव में कमी आएगी। इस मार्ग से रोजाना करीब 5,780 वाहनों के आवागमन का अनुमान है।
इन वाहनों के साथ-साथ बिहिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर भारी वाहनों को शहर से बाहर वैकल्पिक रास्ता मिलने से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
बड़हरा-बबूरा बाईपास : जाम के समय बनेगा वैकल्पिक रास्ता
दूसरा बाईपास बड़हरा-बबूरा मार्ग पर बनाया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 5.85 किलोमीटर और वर्तमान चौड़ाई 3.75 मीटर है जिसे सात से 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके निर्माण पर लगभग 3.50 अरब रुपये खर्च होंगे। यह बाईपास पड़रिया के रास्ते निकलेगा और मूल रूप से बक्सर-कोईलवर तटबंध पर विकसित किया जाएगा।
इस बाईपास के बनने से बड़हरा और आसपास के गांवों के लोगों को कोईलवर-बबूरा फोरलेन तक पहुंचने के लिए मौजूदा व्यस्त मार्ग पर निर्भरता कम होगी।
जाम के समय यह वैकल्पिक मार्ग बेहद उपयोगी साबित होगा। बड़हरा, पड़रिया और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों को सुगम रास्ता मिलने से मुख्य सड़क पर यातायात दबाव कम होगा।
बड़हरा-बबूरा बाईपास से रोजाना करीब चार हजार वाहनों को लाभ मिलने का अनुमान है। इसके अलावा बिशनपुर, फूहा, सिरसिया, बबूरा, कुइया, एकौना, धूसरिया, बड़हरा, पड़रिया और रामपुर समेत आसपास के गांवों के लोगों को परिवहन में विशेष सुविधा मिलेगी।
दोनों बाईपास को बनाने का भेजा गया प्रस्ताव
जिले में जाम की विकराल होती समस्या को कम करने के लिए दो बाईपास बनाने का प्रस्ताव विभाग को राज्य मुख्यालय भेजा गया है। दोनों के निर्माण से बिहिया चौरस्ता और आरा बबूरा फोरलेन पर परिवहन में काफी सुविधा होगी। उधर से मंजूरी मिलते ही इसके निर्माण को ले आगे की सभी प्रक्रियाएं तेजी से पूरा की जाएगी। - सिकंदर पासवान, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, शाहाबाद अंचल, आरा
यह भी पढ़ें- अब जाम में नहीं फंसेगी रफ्तार: भोजपुर में 6 अरब की योजना, 12 सड़कों और 3 पुलों का होगा कायाकल्प
