भरत तिवारी एनकाउंटर: परिजनों ने पुलिस से कहा- अब धोखा नहीं चाहिए, SP ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
भोजपुर एसपी राज बिलौटी गांव पहुंचे और भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण में मृतक के स्वजन से मुलाकात की।
HighLights
एसपी राज बिलौटी गांव पहुंचे, मृतक के स्वजन से मिले।
स्वजन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने एनकाउंटर के बाद थाने ले जाने की जांच का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, शाहपुर (भोजपुर)। भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण को लेकर बुधवार की देर रात भोजपुर एसपी राज बिलौटी गांव पहुंचे और मृतक के स्वजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों की बातें सुनीं तथा मामले से जुड़ी जानकारी ली।
मुलाकात के दौरान स्वजन ने एसपी से कहा कि अब उनके साथ किसी प्रकार का धोखा नहीं होना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। स्वजन ने भरत तिवारी को थाने ले जाने की पूरी प्रक्रिया की भी जांच कराने की मांग की।
इस पर एसपी राज ने स्वजन को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुठभेड़ के बाद भरत भूषण तिवारी को थाने ले जाने से संबंधित सभी तथ्यों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने स्वजन से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है। एसपी के गांव पहुंचने की सूचना पर आसपास के लोग भी वहां जुट गए।
इस दौरान लोगों ने मामले में पारदर्शी जांच और न्याय की मांग दोहराई। भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण को लेकर गांव में अब भी चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर की जांच करेंगे पटना HC के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा, सम्राट कैबिनेट ने दी मंजूरी
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर: महापंचायत में गरजे प्रशांत किशोर; पूछा- पटना से किसके आदेश पर चली गोली?
