यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
73 करोड़ रुपये से आरा-छपरा फोरलेन का होगा कायाकल्प
कोईलवर-छपरा फोरलेन रोड की कायापलट जल्द होगी। इससे लोगों को जगह-जगह होने वाले सड़क हादसे से मुक्ति मिल जाएगी। इस सड़क पर ओवरलोड बालू लदे वाहनों के परिचालन ऊपरी परत उखड़ गई है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।

आरा (भोजुपुर)। कोईलवर-छपरा फोरलेन रोड की कायापलट जल्द होगी। इससे लोगों को जगह-जगह होने वाले सड़क हादसे से मुक्ति मिल जाएगी। इस सड़क पर ओवरलोड बालू लदे वाहनों के परिचालन ऊपरी परत उखड़ गई है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों के कारण एक लेन पर हल्के वाहनों का परिचालन संभव नहीं रह गया है और आये दिन इस पथ पर जाम लगा रहता है।
पथ निर्माण विभाग ने सड़क को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्थाव भेजा है। विभाग के कार्यपालक अभियंता जीतेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से इस रोड के निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। आरा से छपरा तक 28 किलोमीटर रोड बनाने के लिए 73 करोड़ रूपये का प्रस्ताव भेजा गया है। अप्रैल के अंत तक इसका प्रस्ताव मंजूर होकर आएगा। इसके बाद निविदा का प्रकाशन होगा। उन्होंने बताया कि अगर सब कुछ सही रहा तो आगामी अक्टूबर माह से रोड निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
-------------------
कोईलवर छपरा फोरलेन सड़क हादसे को देता है दावत कोईलवर से छपरा जाने वाली फोरलेन सड़क की हालत अत्यंत जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से प्रतिदिन हादसा होता है। इस पर छोटे वाहन, बाइक, साइकिल आदि से यात्रा करने में काफी परेशानी होती है। व्यवसायी हीरा लाल गुप्ता ने बताया कि कोईलवर छपरा फोरलेन रोड जमालपुर बाजार से लेकर डोरीगंज थाना के बलवन टोला गांव तक काफी खराब है। बाय लेन में जगह-जगह गढ़ा बना हुआ है। इससे यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। तकरीबन हर सड़क हादसे होने की प्रमुख कारण यही होता है। फोरलेन सड़क धूल तथा बालू से भरा हुआ है। इससे भी सड़क हादसा होती रहती है। स्थानीय लोग धूल तथा बालू से पूरे दिन परेशान रहते हैं। यह जमालपुर बाजार से मखदुमपुर चिमनी, कोल्हरामपुर, फुहां राजापुर, बबुरा तथा बलवन टोला तक खराब है।
फोरलेन का डिवाइडर भी टूटा
फोरलेन सड़क का डिवाइडर कोईलवर से लेकर बलवन टोला तक टूटकर बर्बाद हो गया है। डिवाइडर टूटने से बालू लदे ट्रैक्टर इधर से उधर भागते रहते हैं। इससे भी सड़क हादसा होने की संभावनाएं बनी रहती है। लोगों ने बताया कि करीब आठ माह पहले फोरलेन रिपेयरिग का कार्य किया गया था। इसके बाद दुबारा फिर से फोरलेन पर जगह-जगह गड्ढा बन गया है।