पत्नी की खौफनाक साजिश: गांजा पीने के बहाने बचपन के दोस्त को बुलाया, मर्डर के बाद कॉल कर बोला- काम हो गया...
पुलिस ने आरा के पिपरहियां गांव निवासी संतोष यादव हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। मृतक की पत्नी रेखा कुमारी और उसके प्रेमी बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने प्रेम-प्रसंग के चलते संतोष की हत्या की साजिश रची थी।

कांड में गिरफ्तार मृतक की पत्नी और मुख्य आरोपित बिट्टू कुमार। सौ: पुलिस
HighLights
संतोष यादव हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा।
पत्नी रेखा और प्रेमी बिट्टू कुमार हुए गिरफ्तार।
प्रेम-प्रसंग के चलते पति की हत्या की साजिश।
जागरण संवाददाता, आरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरहियां गांव निवासी संतोष यादव हत्याकांड का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी रेखा कुमारी और उसके प्रेमी बिट्टू कुमार दोनों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पिपरहियां गांव के निवासी है।
पुलिस के अनुसार, पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों के बीच करीब सात महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वे शादी करना चाहते थे। इसी वजह से पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी को उकसाया था।
सोमवार को सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपित बिट्टू कुमार ने चाकू से संतोष की गर्दन, सीने समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपित के खून लगे कपड़े बरामद कर लिए हैं। वारदात के बाद उसने इन कपड़ों को अपने नए घर के परिसर में छिपा दिया था। कांड में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया गया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू को आरोपित ने पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया था।
एसडीपीओ ने बताया कि पिपरहियां निवासी संतोष यादव 20 नवंबर को प्रतिदिन की तरह घर से गैरेज में काम करने निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी रेखा कुमारी ने 21 नवंबर को मुफस्सिल थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसके अगले दिन 22 नवंबर को संतोष का शव हसनपुरा नाला से दक्षिण झाड़ी से बरामद किया गया था। इसके बाद भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पत्नी और उसके प्रेमी की संलिप्तता सामने आई।
गांजा पीने के बहाने दोस्त को बुलाया, फिर चाकू से गोदकर मार डाला
पुलिस की जांच में सामने आया कि संतोष यादव और मुख्य आरोपित बिट्टू कुमार बचपन के दोस्त थे। इस कारण बिट्टू का संतोष के घर आना-जाना था। इसी दौरान संतोष की पत्नी रेखा और बिट्टू के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे।
इसके लिए उन्होंने संतोष को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पूर्व नियोजित योजना के तहत 20 नवंबर की शाम बिट्टू ने फोन कर संतोष को गांजा पीने के बहाने पिपरहियां मोड़ के पास बुलाया। इसके बाद बिट्टू उसे ईंट-भट्ठा - पंचायत सरकार भवन से करीब 50 मीटर दूर स्थित महुआ के पेड़ के पास ले गया।
वहां दोनों ने साथ बैठकर गांजा पीया। इसके बाद बिट्टू ने संतोष को हसनपुरा नाला के रास्ते घर चलने के लिए कहा। जैसे ही दोनों नाला के पास पहुंचे, बिट्टू ने संतोष को झाड़ी में पटक दिया और पहले से छिपाकर रखे चाकू से उसकी गर्दन, सीने पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी।
प्रेमी ने फोन कर दी थी सूचना, कहा, काम हो गया, शादी कर सकते हैं...
पुलिस के अनुसार, पति की हत्या के लिए पत्नी रेखा ने ही अपने प्रेमी बिट्टू को उकसाया था। वह उसके साथ रहने और शादी करने के लिए लगातार दबाव बना रही थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को हत्या करने के बाद बिट्टू ने रेखा को फोन कर बताया था कि काम हो गया है। अब हम दोनों शादी कर सकते हैं। इस तरह दोनों ने मिलकर संतोष की हत्या की साजिश को अंजाम दिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।