आरा-बक्सर से धनबाद का सफर होगा आसान, पटना जंक्शन गए बिना चलेंगी ट्रेनें; 7 घंटे में पहुंचने की तैयारी
आरा जंक्शन से अब बिना पटना गए बिहारशरीफ, शेखपुरा और धनबाद के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी, जिससे यात्रियों ...और पढ़ें

आरा जंक्शन से सीधे जा सकेंगे बिहारशरीफ और धनबाद। फाइल
HighLights
आरा से बिहारशरीफ, धनबाद के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी।
दुर्गा पूजा के आसपास फास्ट पैसेंजर ट्रेनें होंगी शुरू।
नेउरा-जट डुमरी रेलखंड पर 120 किमी/घंटा का सफल ट्रायल।
जागरण संवाददाता, आरा। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन से बिना पटना जंक्शन गए बिहारशरीफ, शेखपुर और धनबाद के लिए ट्रेन चलाने की राह खुल गई है।
दुर्गा पूजा के आसपास आरा से फास्ट पैसेंजर ट्रेन चलाने की योजना है, जबकि त्योहार के बाद एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।
प्रस्तावित ट्रेन कोइलवर, बिहटा और नेउरा-जट डुमरी रेलखंड होते हुए धनबाद तक बढ़ाने पर विचार हो रहा है। इस रूट से लगभग सात घंटे में आरा से धनबाद पहुंचा जा सकता है।
120 घंटे की रफ्तार से ट्रायल
हालांकि, ट्रेनों के परिचालन की अंतिम तिथि और समय-सारिणी की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। इस बीच नवनिर्मित नेउरा-जट डुमरी रेलखंड का रेलवे संरक्षा आयुक्त सीआरएस ने निरीक्षण किया।
लगभग 20 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर निरीक्षण के बाद विशेष ट्रेन से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल स्पीड ट्रायल भी किया गया।
इस रेलखंड के तैयार होने से नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा नई रेललाइन परियोजना को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
आरा जंक्शन से दो ट्रेनें खोलने की योजना है, जिसमे एक लोकल पैसिंजर व एक धनबाद के लिए एक्सप्रेस ट्रेन खोली जानी है।
पांच स्टेशन और हाॅल्ट से मिलेगी सुविधा
नेउरा जंक्शन और जट डुमरी जंक्शन के बीच गोनपुरा स्टेशन तथा अधपा, चामुचक और बाजिदपुर हाॅल्ट का निर्माण किया गया है।
नेउरा स्टेशन पहले से पटना-आरा रेलखंड पर, जबकि जट डुमरी स्टेशन पटना-गया रेलखंड पर स्थित है। नए रेलखंड पर तीन बड़े पुल, 16 छोटे पुल, पांच एलएचएस, दो रोड ओवरब्रिज आरओबी, एक रेल ओवर रेल आरओआर और 12 रोड अंडरब्रिज आरयूबी का निर्माण किया गया है।
पटना के लिए बाईपास का करेगा काम
42 किलोमीटर लंबी नेउरा-दनियावां नई रेललाइन परियोजना के पहले चरण में जट डुमरी से दनियावां तक 22.74 किलोमीटर लंबे रेलखंड का निर्माण पूरा हो चुका है और इस पर ट्रेनों का परिचालन भी हो रहा है।
नेउरा-जट डुमरी रेलखंड के तैयार होने से परियोजना के शेष हिस्से को जोड़ने में मदद मिलेगी। यह नई रेललाइन दानापुर-पटना-किउल-झाझा मुख्य रेलमार्ग के लिए बाईपास के रूप में काम करेगी।
इससे अत्यधिक व्यस्त मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर मालगाड़ियों को पटना होकर गुजरने की अनिवार्यता कम होने से परिचालन अधिक सुगम हो सकता है।
इसके साथ ही आरा, बिहटा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को धनबाद सहित दूसरे शहरों तक जाने के लिए अतिरिक्त रेल सेवा मिलने की संभावना है।
आरा से नई ट्रेन की उम्मीद
अभी फिलहाल मालगाड़ियों के लिए सीआरएस के अनुमति के बाद ट्रैक खोल दिया जाएगा। अनुमति मिलते ही आरा जंक्शन से दो ट्रेन खोलने की योजना बनाई जा रही है। जट डुमरी रेल लाइन में मालगाड़ी किऊल की तरफ व गया के तरफ जा सकेगी। पटना के तरफ एक दो ट्रेन है खुलने के लिए मंथन जारी है। रेलवे मंत्रालय के अनुमति के बाद आरा जंक्शन से खोलने की योजना बनाई जा सकती है।
सरस्वती चंद्र, मुख्य सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी हाजीपुर रेलवे जोन।यह भी पढ़ें- पटना-किउल रेललाइन को मिलेगा बड़ा विकल्प, नेउरा-जटडुमरी 20 किमी नए ट्रैक का 8 अक्टूबर को होगा स्पीड ट्रायल
