सुबह 10 बजे टिकट काउंटर खुलेगा, लेकिन कतार रात आठ बजे से; आरा में तत्काल टिकट के लिए यात्रियों की जद्दोजहद
आरा जंक्शन पर तत्काल टिकट के लिए यात्रियों को भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। लगन के मौसम में सीटों की बढ़ती मांग के कारण लोग रात से ही कतार में लगकर सुबह टिकट खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

तत्काल टिकट के लिए रिजर्वेशन काउंटर पर लगी कतार। जागरण
HighLights
आरा जंक्शन पर तत्काल टिकट की भारी मांग।
यात्री रात से ही कतार में लग रहे हैं।
लगन के मौसम में सीटों की कमी बनी।
जागरण संवाददाता, आरा। रात के आठ बजे हैं। आरा जंक्शन के आरक्षण काउंटर के बाहर धीरे-धीरे यात्रियों की कतार लंबी होने लगी है।
किसी को सूरत जाना है, तो किसी को जालंधर कैंट, बरेली, पुणे, देहरादून और मुंबई। दीपावली और छठ पूजा के बाद अब लगन का मौसम शुरू होते ही ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ गई है।
ऐसे में तत्काल टिकट हासिल करना यात्रियों के लिए चुनौती बन गया है। टिकट की उम्मीद में लोग रात से ही कतार में खड़े हो जा रहे हैं।
रातभर जागकर सुबह होने का इंतजार और फिर काउंटर खुलने तक अपनी जगह बचाए रखने की मशक्कत यात्रियों की दिनचर्या बनती दिख रही है।
रविवार रात आठ बजे महिला आरक्षण काउंटर पर कारीसाथ नवादा बेन निवासी रीता देवी बरेली जाने के लिए तीन यात्रियों का टिकट लेने की उम्मीद में कतार में लग गई थीं।
उन्हें सुबह तत्काल टिकट खुलने तक इंतजार करना था। रात से ही कतार में खड़े रहने की मजबूरी इस बात को दर्शाती है कि लगन के मौसम में यात्रियों के लिए टिकट हासिल करना कितना मुश्किल हो गया है।
सुबह सात बजे से सूरत और जालंधर के लिए इंतजार
रविवार सुबह सात बजे तक आरक्षण काउंटर के बाहर कतार और लंबी हो गई। हरिगांव निवासी रवि रंजन सूरत जाने के लिए लाइन में खड़े थे।
वहीं, चंदवा निवासी रजनीश कुमार जालंधर कैंट जाने के लिए तत्काल टिकट लेने पहुंचे थे। सुबह 10 बजे तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होने से पहले ही यात्रियों की भीड़ काउंटर के बाहर जमा हो गई थी।
11 बजे एसी तत्काल, लेकिन कतार रात से
एसी तत्काल टिकट की बुकिंग सुबह 11 बजे शुरू होती है, लेकिन यात्रियों को कतार में लगने के लिए रात से ही इंतजार करना पड़ रहा है।
चरपोखरी निवासी महावीर राम पुणे जाने के लिए शनिवार से ही लाइन में लगे हुए थे। वहीं, करवा निवासी अविनाश कुमार देहरादून जाने के लिए चार यात्रियों का टिकट लेने रविवार से कतार में थे।
धरहरा निवासी रीता देवी मुंबई जाने के लिए परिवार के साथ टिकट लेने पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि परिवार के साथ मुंबई जाना है।
रविवार से ही टिकट के लिए लाइन में लगे हैं। काफी प्रयास के बाद परिवार के सभी सदस्यों का टिकट एक नंबर पर कंफर्म हो पाया।
आरपीएफ दे रही फोटो सहित नंबर
आरक्षण काउंटर के बाहर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ की ओर से पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर कतार में लगे यात्रियों को फोटो सहित नंबरिंग दी जा रही है।
इससे यात्रियों की कतार व्यवस्थित रखने और आपसी विवाद से बचने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, लगन के मौसम में तत्काल टिकटों की बढ़ती मांग के बीच यात्रियों को रातभर इंतजार करना पड़ रहा है।
सुबह 10 बजे गैर एसी और 11 बजे एसी तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होने तक काउंटर के बाहर यात्रियों की उम्मीदें और बेचैनी दोनों बनी रहती हैं।