भोजपुर में ईंट- बालू हटाने के विवाद में फायरिंग, इंटर के छात्र को मारी गोली
आरा के नवादा थाना क्षेत्र में ईंट-बालू हटाने के विवाद में एक इंटर के छात्र कृष राज को गोली मार दी गई, जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में भर्ती युवक। (जागरण)
HighLights
आरा में ईंट-बालू विवाद में छात्र कृष राज को गोली लगी।
नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मठिया के समीप हुई घटना।
पुलिस ने आरोपी छोटू यादव और पवन यादव की तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, आरा। नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मठिया के समीप रविवार की देर शाम ईंट-बालू हटाने को लेकर चले आ रहे विवाद में हथियारबंद तत्वों ने एक इंटर के छात्र को गोली मार दी।
जख्मी छात्र को पीठ-पंजरी के भाग में गोली लगी है। इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ आरा सदर अस्पताल पहुंचे और जख़्मी छात्र से मिल घटना की जानकारी ली।
इसके पश्चात पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार जख्मी युवक 18 वर्षीय कृष राज नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ला वार्ड नंबर 44 निवासी स्व. शिबू कुमार का पुत्र है। वह इंटर का छात्र है।
इधर, कृष राज ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व आरोपित पक्ष द्वारा उसके दरवाजे पर ईंट और बालू गिराया गया था और सफाई नहीं की गई थी।
थाना में की थी शिकायत
इसको लेकर उनसे झगड़ा हुआ था। मारपीट भी हुई थी। इसके बाद उसने इसकी शिकायत स्थानीय थाना में लिखित आवेदन देकर की थी। उसके बाद बात खत्म हो गई थी।
रविवार की देर शाम जब बाइक से आटा लेकर घर लौट रहा था, उसी दौरान पीछे से उक्त आरोपितों ने आकर उसे गोली मार दी, जिससे वह बाइक से गिर पड़ा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
वहीं, दूसरी तरफ जख्मी छात्र कृष राज ने मोहल्ले के सगे भाई छोटू यादव एवं पवन यादव पर एक सप्ताह पूर्व हुए विवाद को लेकर खुद को गोली मारने का आरोप लगाया है। इस संबंध में नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
