आरा में 1.60 करोड़ से बनेगा सम्राट अशोक भवन, मेयर इंदु देवी ने किया शिलान्यास
आरा नगर निगम में 1.60 करोड़ रुपये की लागत से सम्राट अशोक भवन का शिलान्यास किया गया है। यह भवन ...और पढ़ें

आरा में 1.60 करोड़ से बनेगा सम्राट अशोक भवन, मेयर ने किया शिलान्यास
HighLights
1.60 करोड़ की लागत से सम्राट अशोक भवन का शिलान्यास।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगा किफायती आयोजन स्थल।
शादी, बैठक, सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध होगा।
जागरण संवाददाता, आरा। शहर के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए महंगे मैरिज हॉल या होटलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
आरा नगर निगम के वार्ड संख्या 37 में बस स्टैंड के समीप 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से सम्राट अशोक भवन बनाया जाएगा। बिहार सरकार की योजना के तहत बनने वाले भवन का शुक्रवार को महापौर इंदु देवी ने शिलान्यास किया।
महापौर ने कहा कि भवन शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण जनसुविधा होगा। आर्थिक तंगी के कारण निजी मैरिज हॉल या होटल में आयोजन नहीं कर पाने वाले परिवारों को इससे राहत मिलेगी।
निर्माण पूरा होने के बाद लोग सरकारी निर्धारित दरों पर भवन की बुकिंग कर सकेंगे। यहां शादी-विवाह के अलावा बैठक, सामाजिक समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी परिवार के सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में बाधा नहीं बननी चाहिए। भवन में लोगों को सम्मानजनक और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास है।
इसका लाभ केवल वार्ड 37 के लोगों तक सीमित नहीं होगा; आरा नगर निगम के सभी 45 वार्डों के नागरिक इसका उपयोग कर सकेंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर आयुक्त अंजू कुमारी, वार्ड 37 की पार्षद सीता देवी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।