आरा में दशहरा पर 8 रास्तों पर नो-एंट्री, कहां पार्क होंगे वाहन और किन मार्गों से मिलेगी एंट्री? देखें रूट प्लान
दशहरा पर्व के दौरान आरा शहर में भीड़ और आयोजनों को देखते हुए भोजपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव ...और पढ़ें

पकड़ी-रमना मैदान सड़क। फाइल
HighLights
8 प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विभिन्न स्थानों पर वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था की गई।
आपातकालीन सेवाओं को यातायात प्रतिबंधों से पूरी छूट मिली।
जागरण संवाददाता, आरा। दशहरा पर्व के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़, मेला और रामलीला के आयोजन को देखते हुए भोजपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।
शहर में आने वाले 8 प्रमुख मार्गों पर बड़ी और छोटी गाड़ियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इन मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वहीं, शहर के कुछ प्रमुख रास्तों से आवागमन जारी रहेगा। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन सहित अन्य इमरजेंसी सेवाओं को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। बुधवार को ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह बताया।
इन आठ रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री
पुलिस की ओर से जारी यातायात प्लान के अनुसार, चंदवा मोड़ से गिरजा मोड़ और पुरानी पुलिस लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यहां आने वाले वाहन पासवान चौक के पास पार्क किए जाएंगे। धोबीघाट से कतीरा मोड़ जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इन वाहनों की पार्किंग जगदेव नगर में कतीरा ओवरब्रिज के नीचे होगी। सलेमपुर रोड से पुरानी पुलिस लाइन की ओर आने वाले वाहनों को अल-हाफिज कालेज में पार्क करना होगा।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को मिलेगी निर्बाध आवाजाही
गांगी चौक और मीरगंज चौक के रास्ते शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए वीर कुंवर सिंह कालेज (बड़हरा-एकौना रोड) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इसी तरह धरहरा, वलीगंज और बड़ी मस्जिद होते हुए शीशमहल चौक आने वाले वाहनों को तपेश्वर सिंह टीचर ट्रेनिंग कालेज के पास पार्क किया जाएगा।
सपना सिनेमा मोड़ से शिवगंज चौक जाने वाले मार्ग पर प्रतिबंध रहेगा। यहां आने वाले वाहन तपेश्वर सिंह महिला कॉलेज के पास खड़े होंगे।
प्राइवेट बस स्टैंड से बुढ़िया माई मंदिर होते हुए शिवगंज जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इन वाहनों के लिए महिला कालेज के पास पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं, मारुति नगर के उजियार टोला बांध से सिंडिकेट मोड़ की ओर आने वाले वाहनों को अल-हाफिज कालेज अथवा गौसगंज में पार्क करना होगा।
इन मार्गों से जारी रहेगा आवागमन
यातायात प्लान के तहत रमना मैदान से महावीर टोला, सदर अस्पताल होते हुए शिवगंज मोड़ और वहां से सपना सिनेमा मोड़ की ओर आवागमन चालू रहेगा।
रमना मैदान से महावीर टोला और करमन टोला होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर भी वाहन जा सकेंगे। महावीर टाेला व करमन टोला से रेलवे स्टेशन की ओर वाहन जा सकेंगे।
इसके अलावा कतीरामोड़ से रेलवे स्टेशन, त्रिभुआनी मोड़, पूरबी गुमटी और बस स्टैंड होते हुए धरहरा की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग तक आवागमन जारी रहेगा।
सिंडिकेट मोड़ से मीरगंज और गौसगंज होते हुए पटना-बक्सर फोरलेन की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आवाजाही चालू रहेगी।
आपातकालीन वाहनों को छूट
भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के आवागमन पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा।
इन वाहनों के लिए रास्ते निर्बाध रूप से उपलब्ध रहेंगे।पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट चार्ट का पालन करने, अपने वाहनों को केवल तय पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
