आरा में घरेलू विवाद के बाद सनकी पति ने पत्नी की सिलवट पर पटककर ले ली जान Arrah News
आरा में शुक्रवार को एक पति ने पत्नी की हत्या कर दी। घरेलू विवाद के बाद शुरू हुई बहस में गुस्सा कर पत्नी को सिलवट पर पटक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
आरा, जेएनएन। आरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक सनकी पति का पत्नी पर कहर देखने को मिला। बहस के बाद शुरू हुए विवाद में पति ने पत्नी को सिलवट पर पटककर मार डाला। वारदात के बाद आरोपित पति फरार हो गया। सूचना पर पुलिस तहकीकात करने के लिए पहुंच गई है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
भोजपुर जिला के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत धनौती गांव के अनुसूचित जाति जनजाति टोला में नंदजी मुसहर अपनी पत्नी रीना देवी के साथ रहता था। पति-पत्नी के साथ उनके चार बच्चे भी इसी घर में रहते थे। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह नंदजी का पत्नी रीना देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
कुछ ही देर में बातचीत ने मारपीट का रुख आख्तियार कर लिया। इसी बीच गुस्से में आकर नंदजी ने रीना देवी को सिलवट पर पटक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पत्नी के मरने के बाद नंदजी फरार हो गया। सूचना पर पुलिस जांच के लिए पहुंच गई। इधर मृतका के भाई संजय की तहरीर पर चरपोखरी थाने में पति के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।