विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब पटना नहीं जाएगा आरा का स्पीड पोस्ट, एक माह में बनेगा डाक हब; शाहाबाद के कई जिलों को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:44 PM (IST)

भोजपुर जिले के आरा में जल्द ही एक डाक हब स्थापित किया जाएगा, जिससे स्पीड पोस्ट और पार्सल की छंटाई अब पटना के बजाय स्थानीय स्तर पर ही होगी। यह नई व्यवस्था डाक पहुंचने में लगने वाले समय को कम करेगी और भोजपुर सहित शाहाबाद क्षेत्र के कई जिलों को लाभ पहुंचाएगी।

आरा में ही होगी स्पीड पोस्ट की छंटाई

आरा में ही होगी स्पीड पोस्ट की छंटाई

HighLights

  1. आरा में डाक हब बनने से पटना नहीं जाएगा स्पीड पोस्ट।

  2. भोजपुर सहित शाहाबाद क्षेत्र के कई जिलों को मिलेगा सीधा लाभ।

  3. एक माह के भीतर शुरू होगी नई डाक छंटाई व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले के लोगों के लिए डाक सेवा से जुड़ी बड़ी खुशखबरी है। अब स्पीड पोस्ट और पार्सल को छंटाई के लिए आरा से पटना नहीं भेजना पड़ेगा। डाक विभाग की ओर से आरा में ही डाक हब बनाने की तैयारी की जा रही है।

इसके शुरू होने के बाद आरा में ही डाक और पार्सल की छंटाई होगी और उन्हें संबंधित शहरों के लिए सीधे रवाना किया जा सकेगा। इससे डाक पहुंचने में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है। करीब एक माह के भीतर डाक हब शुरू करने की तैयारी है।

अब पटना के चक्कर से मिलेगी मुक्ति

फिलहाल आरा के विभिन्न डाकघरों से बुक होने वाले स्पीड पोस्ट को रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) के माध्यम से पटना भेजा जाता है। वहां छंटाई और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद डाक को संबंधित गंतव्य के लिए रवाना किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगता है। आरा में डाक हब शुरू होने के बाद यह प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर पूरी हो सकेगी।

आरा में ही होगी स्पीड पोस्ट की छंटाई

नई व्यवस्था के तहत भोजपुर से बुक होने वाले स्पीड पोस्ट और पार्सल को आरा में ही एकत्रित किया जाएगा। यहां गंतव्य के अनुसार उनकी छंटाई होगी। इसके बाद दूसरे शहरों और राज्यों के लिए डाक सीधे भेजी जाएगी। इससे पटना भेजने और वहां से दोबारा डाक आगे रवाना करने की जरूरत कम होगी।

शाहाबाद समेत कई जिलों को मिलेगा फायदा

आरा में बनने वाला डाक हब केवल भोजपुर जिले तक सीमित नहीं रहेगा। इससे पूरे शाहाबाद क्षेत्र के साथ अरवल और जहानाबाद जैसे जिलों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

इन इलाकों से आने वाली डाक के निस्तारण और डिस्पैच की व्यवस्था आरा से किए जाने की योजना है। इससे क्षेत्रीय स्तर पर डाक सेवाओं का संचालन अधिक सुगम हो सकेगा।

व्यापारियों और आम लोगों को मिलेगी राहत

डाक हब बनने से आम लोगों के अलावा व्यापारियों, अधिवक्ताओं, सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों को भी फायदा होगा। जरूरी दस्तावेज, बैंकिंग से जुड़े कागजात, सरकारी पत्र और व्यावसायिक पार्सल भेजने में सुविधा होगी। खासकर समय पर दस्तावेज पहुंचाना जिन लोगों के लिए जरूरी होता है, उन्हें नई व्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है।

पार्सल से लेकर चिट्ठियों तक का होगा निस्तारण

प्रस्तावित डाक हब में स्पीड पोस्ट के साथ पार्सल और अन्य डाक सामग्री की भी छंटाई की जाएगी। डाक को गंतव्य के अनुसार अलग-अलग कर ट्रेनों और निर्धारित परिवहन माध्यमों से आगे भेजने की व्यवस्था होगी। इससे डाक के संग्रह, छंटाई और डिस्पैच की प्रक्रिया एक ही स्थान से संचालित हो सकेगी।

एक माह में शुरू करने की तैयारी

डाक विभाग की ओर से आरा में डाक हब स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए करीब एक साल पहले पत्राचार किया गया था। अब इस दिशा में पहल आगे बढ़ी है।

तत्कालीन डाक अधीक्षक नीरज कुमार के अनुसार, आरा में डाक और पार्सल हब बनने से स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके शुरू होने के बाद डाक को पटना भेजने की प्रक्रिया से राहत मिलेगी और शाहाबाद क्षेत्र में डाक सेवाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।