विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

74 साल में बदली संसदीय पहचान:: पहले पटना, फिर शाहाबाद और 1977 में मिली आरा नाम से पहचान; परिसीमन ने बदला सियासी नक्शा

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:59 PM (IST)

आरा लोकसभा क्षेत्र की संसदीय पहचान 74 सालों में परिसीमन के कारण लगातार बदलती रही है, जो पहले पटना-सह-शाहाबाद और फिर शाहाबाद के नाम से जानी जाती थी, और 1977 में इसे आरा नाम मिला। 

दो जिलों के हिस्सों को जोड़कर बना था संसदीय क्षेत्र

दो जिलों के हिस्सों को जोड़कर बना था संसदीय क्षेत्र

HighLights

  1. आरा लोकसभा की पहचान 74 साल में बदली।

  2. पहले पटना-सह-शाहाबाद, फिर शाहाबाद, 1977 में आरा।

  3. 2008 में भोजपुर की सभी सात सीटें शामिल हुईं।

कंचन किशोर, आरा(भोजपुर)। आरा लोकसभा क्षेत्र की संसदीय पहचान समय-समय पर हुए परिसीमन के साथ बदलती रही है। आज भोजपुर जिले की सात विधानसभा सीटों को समेटने वाला यह संसदीय क्षेत्र शुरुआत में पटना-सह-शाहाबाद के नाम से अस्तित्व में आया था।

देश की आजादी के बाद 1952 में हुए पहले आम चुनाव में यहां से बलिराम भगत सांसद चुने गए थे। इसके बाद 1957 के चुनाव में शाहाबाद लोकसभा क्षेत्र अस्तित्व में आया। इसमें आरा के साथ बिक्रम और पालीगंज को भी जोड़ा गया। वर्ष 1977 में इसे आरा लोकसभा क्षेत्र के रूप में नई पहचान मिली।

दो जिलों के हिस्सों को जोड़कर बना था संसदीय क्षेत्र

शुरुआती दौर में आरा संसदीय क्षेत्र की सीमाएं वर्तमान भोजपुर जिले तक सीमित नहीं थीं। इसमें पटना जिले के दानापुर अनुमंडल के बिक्रम, बिहटा और पालीगंज थाना क्षेत्रों के साथ तत्कालीन शाहाबाद जिले के आरा सदर अनुमंडल के बड़हरा, आरा मुफस्सिल, सहार, संदेश, आरा टाउन और आरा नवादा क्षेत्र शामिल थे। इस तरह दो जिलों के अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर संसदीय क्षेत्र का गठन किया गया था।

शाहाबाद से अलग होकर बना भोजपुर और रोहतास जिला

समय के साथ परिसीमन और प्रशासनिक बदलावों ने इस क्षेत्र का भूगोल भी बदला। पुराने शाहाबाद जिले के विभाजन के बाद भोजपुर और रोहतास जिले अस्तित्व में आए। वर्ष 1976 से 2008 के बीच आरा संसदीय क्षेत्र में पटना जिले के मनेर और पालीगंज विधानसभा क्षेत्र भी शामिल रहे। उस समय भोजपुर की आरा, संदेश, बड़हरा और सहार विधानसभा सीटें भी इसका हिस्सा थीं।

2008 के परिसीमन ने बदल दिया संसदीय नक्शा

वर्ष 2008 में हुए परिसीमन के बाद आरा लोकसभा क्षेत्र का स्वरूप पूरी तरह बदल गया। पटना जिले के मनेर और पालीगंज विधानसभा क्षेत्र इससे बाहर हो गए। इसके बाद भोजपुर जिले की सभी सात विधानसभा सीटों को आरा संसदीय क्षेत्र में शामिल कर दिया गया। इस बदलाव के बाद संसदीय क्षेत्र की पहचान पूरी तरह भोजपुर जिले से जुड़ गई।

वर्तमान में सात विधानसभा सीटें हैं शामिल

वर्तमान में आरा लोकसभा क्षेत्र में संदेश, बड़हरा, आरा, अगिआंव, तरारी, जगदीशपुर और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इन सात विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 21 लाख 80 हजार मतदाता हैं। इस तरह आरा संसदीय क्षेत्र अब भोजपुर जिले की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

परिसीमन के साथ बदलती रही चुनावी राजनीति

आरा लोकसभा क्षेत्र की सीमाओं में बदलाव का असर यहां की चुनावी राजनीति पर भी पड़ा है। वर्ष 1977 में आरा लोकसभा क्षेत्र के अस्तित्व में आने से पहले शाहाबाद संसदीय सीट पर लगातार कांग्रेस का कब्जा रहा था। बलिराम भगत यहां से सांसद चुने जाते रहे। लेकिन आरा के नाम से नई संसदीय सीट बनने के बाद राजनीतिक समीकरण बदल गए। इसके बाद कांग्रेस केवल 1984 में सहानुभूति लहर के दौरान चुनाव जीत सकी।

नए परिसीमन में फिर बदल सकता है राजनीतिक भूगोल

एक बार फिर परिसीमन की चर्चा के बीच आरा सहित आसपास के संसदीय क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। बिहार में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने की स्थिति में भोजपुर के कुछ हिस्से दूसरे संसदीय क्षेत्र में जा सकते हैं या नए लोकसभा क्षेत्र का गठन हो सकता है।

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के राजनीति शास्त्र विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. ओमप्रकाश राय के अनुसार, आरा लोकसभा क्षेत्र से सात विधानसभा सीटें जुड़ी हैं और यहां मतदाताओं की संख्या भी 21 लाख से अधिक है।

ऐसे में आगामी परिसीमन में भोजपुर के कुछ हिस्सों के दूसरे संसदीय क्षेत्र में शामिल होने या नए संसदीय क्षेत्र के गठन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।