विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा स्टेशन के पास से गिरफ्तार हुआ 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर दानी यादव, दर्ज हैं हत्या और लूट के 23 मामले

Published: Tue, 20 Oct 2026 06:22 PM (IST)

भोजपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ ने आरा रेलवे स्टेशन के पास से 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर दानी यादव को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार हुआ 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर दानी यादव

गिरफ्तार हुआ 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर दानी यादव

HighLights

  1. 25 हजार के इनामी दानी यादव को पकड़ा गया।

  2. भोजपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ ने की कार्रवाई।

  3. हत्या, रंगदारी समेत 23 मामले दर्ज हैं।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोजपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर दानी यादव को आरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। 

गिरफ्तार आरोपित बिहिया थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड  का निवासी है। वर्तमान में हत्या के प्रयास और रंगदारी से जुड़े दो कांडों में फरार चला आ रहा था। इसकी जानकारी मंगलवार को जगदीशपुर डीएसपी रवि कुमार ने दी ‌।

आर्म्स एक्ट समेत 23 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, दानी यादव के विरुद्ध  पहले से भी बिहिया, शाहपुर, आरा रेल थाना और बक्सर जीआरपी थाना में हत्या, डकैती, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 23 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए वांछित था। पूर्व में भी जेल गया था। इधर,दो कांडों में फरारी को लेकर उसके विरुद्ध इनाम घोषित हुआ था।

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के दिशा-निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भोजपुर पुलिस ने बिहार एसटीएफ की मदद से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपित के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- बहन के घर दुर्गा पूजा में घूमने आया था भाई, आरा में अपराधियों ने गोली मारकर की हत्या