सुल्तानगंज में युवक की हत्या में क्षेत्र में तनाव
भागलपुर के सुल्तानगंज में रविवार की सुबह युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव कायम है। हालांकि ग्रामीणों ने कहा कि यह युवक अपराधी था।
भागलपुर, जेएनएन। सुल्तानगंज में रविवार को एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से वहां तनाव है। सोमवार की सुबह वहां पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुल्तानगंज इलाके के असियाचक गांव में एक युवक को रविवार की सुबह कुछ लोगों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। इसके बाद उन लोगों ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया। रात्रि गश्ती के दौरान सुल्तानगंज पुलिस की नजर उसपर पड़ी।
उस समय युवक की सांसे चल रही थी, पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। युवक ने अपना नाम चंदन मंडल बताया। वह अकबरनगर हरियो पानी टंकी के पास का रहने वाला था। पुलिस ने स्वजनों को घटना की जानकारी दी, इस दौरान मायागंज ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। चंदन के भाई गुलशन ने बताया कि उसका भाई शनिवार की शाम घर से निकला था। सुबह पुलिस से घटना कीं जानकारी हुई। चंदन की शादी नाथनगर लालूचक निवासी सीतादेवी से हुई थी, उसे दो बेटा और दो बेटी है। पुलिस ने सीता देवी के बयान पर अज्ञात बदमाशों के विरोध में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक चंदन चोरी के मामले में कई बार जेल जा चुका है। मधुसुदनपुर पुलिस ने उसे 2019 में गिरफ्तार किया था, लेकिन वह हाजत से फरार हो गया था। उसी दिन अकबरनगर पुलिस ने उसे अपने इलाके से गिरफ्तार किया कर लिया था। उसके ऊपर अन्य थानों में भी चोरी के केस दर्ज हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
अलग-अलग मामले में चार गिरफ्तार
कहलगांव पुलिस ने शिवकुमारी पहाड़ मुहल्ले में छापेमारी कर गुडडू यादव एवं सूरज मंडल, महेशामुंडा गांव से धर्मवीर महतो को गिरप्तार कर जेल भेज दिया है। अंतीचक थाना की पुलिस ने बीरबन्ना गांव में छापेमारी कर मारपीट घटना के आरोपी मु. तासीर को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मारपीट की घटना में महिला घायल
कहलगांव के बुद्धूचक थाना क्षेत्र के एकडारा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में घायल हुई बीबी जुवेदा खातुन का उपचार अनुमंडल अस्पताल में कराया गया है।