बरारी चौकी प्रभारी का पुत्र सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल
राजकुमार अपनी दोस्त के साथ कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट की तैयारी करता है। रविवार को छुट्टी के कारण वह उसके साथ नवगछिया गया हुआ था। उसकी दोस्त सबौर की रहने वाली है।
भागलपुर [जेएनएन]। नवगछिया इलाके के परबत्ता में रविवार को बरारी चौकी प्रभारी रोहित कुमार सिंह का पुत्र राजकुमार सिंह सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गया। वह अपने सहपाठी के साथ बुलेट बाइक से भागलपुर की ओर आ रहा था। सामने से आ रहे तेज गति के वाहन को देखकर उसने बाइक से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे लगे ट्रक से जा टकराया। जिससे उसकी दोस्त और वह गिर पड़े। राजकुमार खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा रहा। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची परबत्ता पुलिस ने उसे सड़क से उठाकर जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार को छुट्टी को लेकर अपनी दोस्त के साथ गया था घूमने
राजकुमार अपनी दोस्त के साथ कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट की तैयारी करता है। रविवार को छुट्टी के कारण वह उसके साथ नवगछिया गया हुआ था। उसकी दोस्त सबौर की रहने वाली है। दुर्घटना में उसे भी हल्की चोट आई है। घटना की जानकारी होते ही उसके पिता रोहित सिंह समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। राजकुमार का एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है। अस्पताल से उसे बेहतर इलाज के लिए तातारपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति में सुधार है।
फोटो खींचते रहे लोग, नहीं की किसी ने मदद
सड़क किनारे घायल हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहे राजकुमार को वहां के लोगों ने अस्पताल नहीं पहुंचाया। बल्कि उसकी फोटो मोबाइल से खींचते रहे। किसी ने पुलिस को भी जानकारी देना मुनासिब नहीं समझा। तभी भागलपुर से कटिहार जा रहे एक युवक ने इसकी जानकारी अपने कुछ परिचितों को को दी। उन लोगों ने इसकी जानकारी परबत्ता थाने तक पहुंचाई। तब परबत्ता पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।