Women's Day 2021 : महिलाओं ने संभाली मालदा रेल मंडल में परिचालन से लेकर सुरक्षा तक की कमान
महिला दिवस के मौके पर सोमवार को मालदा रेल मंडल की महिला कर्मियों ने सुरक्षा से लेकर परिचालन तक की कमान को संभाला। हर जगह महिला कर्मियों की तैनाती की गई थी। सारे ट्रेनों का परिचालन भी महिला लोको पायलट कर रही थीं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। मालदा रेल मंडल के भागलपुर जंक्शन सहित मालदा टाउन स्टेशन, साहिबगंज और जमालपुर स्टेशन की कमान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को महिला रेल कर्मियों ने संभाली। ट्रेन परिचालन से लेकर सुरक्षा और टिकट बुक करने का काम महिलाओं ने किया। पहली शिफ्ट में सभी विभाग में महिलाओं ने अपना काम बखूबी से संभाला।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर एक शिफ्ट में स्टेशन के कार्यों का निर्वहन सभी विभागों में तैनात करीब छह दर्जन महिला रेल कर्मियों ने किया। ट्रेन चलाने से लेकर सुरक्षा तक की जिम्मेदारी निभाई। सुबह छह से आठ बजे तक ट्रेनों का सफल संचालन किया। शोभा कुमार ने टिकट काउंटर का जिम्मा संभाला। मालदा रेल मंडल के डीआरएम यतेंद्र कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंडल के स्टेशनों पर महिलाओं ने सफलतापूर्वक कामों का संचालन किया। भागलपुर कॉलेज इन वैगन में ट्रेनों की धुलाई से लेकर मेंटेनेंस का काम भी महिलाओं के नाम रहा। आरपीएफ और जीआरपी में तैनात महिला आरक्षी मुस्तैदी से चौकस दिखी। सीनियर डीसीएम पवन कुमार ने बताया कि टिकट बुकिंग काउंटर पर तैनात महिला रेलकर्मी शालीनता से अपने कार्यों का निर्वहन किया।
विवि में भी कार्यक्रम का आयोजन
तिलकामांझी भागलपुर विवि में भी महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ कुलपति ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वह किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया। कहा, शिक्षा के बिना बदलाव संभव नहीं है, इसलिए हर महिला को शिक्षित होना जरूरी है, ताकि वे अपने हक और अधिकार के बारे में जान सकें। इसके अलावा एसएम कॉलेज में भी महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज की छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान कई छात्राओं ने अपनी बात भी रखी। साथ ही शहर में अन्य जगहों पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।