छिटपुट घटनाओं के बीच कड़ी सुरक्षा में हुआ विसर्जन
शहर में छिटपुट घटनाओं के बीच मां विषहरी की प्रतिमाओं की शांतिपूर्ण विसर्जन शोभा यात्रा संपन्न हो गई। विसर्जन के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई थी। प्रत्येक प्रतिमा के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जो विसर्जन के बाद उसके गंतव्य तक पहुंचने तक साथ रहती थी।
भागलपुर। शहर में छिटपुट घटनाओं के बीच मां विषहरी की प्रतिमाओं की शांतिपूर्ण विसर्जन शोभा यात्रा संपन्न हो गई। विसर्जन के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई थी। प्रत्येक प्रतिमा के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जो विसर्जन के बाद उसके गंतव्य तक पहुंचने तक साथ रहती थी। इसी कड़ी में विसर्जन कराकर लौट रहे कुछ युवकों का खलीफाबाग चौक पर दुकानदारों से कुछ विवाद हो गया। मगर साथ चल रहे पुलिस बल ने सख्ती कर सभी को अलग किया और वहां से आगे बढ़ा दिया।
डीजे पर पाबंदी को लेकर प्रशासन के खिलाफ खंजरपुर में हुई जमकर नारेबाजी
विसर्जन शोभा यात्रा के दौरान डीजे पर पाबंदी को लेकर बरारी के खंजरपुर की प्रतिमा के साथ आगे आगे घोड़ों पर और पैदल चल रहे युवकों ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डीजे नहीं रहने के कारण वे लोग काफी आक्रोशित थे। वहीं स्टेशन चौक पर परबत्ती की प्रतिमा के साथ डीजे बजाने से रोकने पर युवकों ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। तब सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने युवकों को काफी समझा बुझाया। तब जाकर नारेबाजी बंद हुई। मगर परबत्ती की प्रतिमा स्टेशन चौक पर बिना रूके ही आगे बढ़ गई।
अधिकारी ले रहे थे पल-पल की जानकारी
विसर्जन शोभा यात्रा के दौरान अधिकारी हर जगह विसर्जन की स्थिति पर लगातार खबर ले रहे थे। एसएसपी आशीष भारती लगातार मामले की मानिट¨रग कर रहे थे। वहीं आइजी सुशील मान सिंह खोपड़े व डीआइजी विकास वैभव भी उनसे विसर्जन की अपडेट ले रहे थे। विसर्जन को लेकर आइबी अधिकारी भी काफी अलर्ट थे। वे जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों की गोपनीय रिपोर्ट लेकर लगातार मुख्यालय को भेज रहे थे। पूर्व की घटनाओं से सबक लेकर इस बार पुलिस वह प्रशासन काफी सतर्क थे। कोतवाली समेत अन्य थाना और पुलिस चौकी इलाके में पुलिस अधिकारियों की लगातार गतिविधि थी।