Jamui: हिंसक भीड़ ने ग्रामीण चिकित्सक को पीट-पीट कर मार डाला, अवैध संबंध का था शक
जमुई में ग्रामीण चिकित्सक की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि चिकित्सक को गांव की कुछ महिलाओं व लड़कियों से अवैध संबंध था। ग्रामीणों ने गुस्से में उसे पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस हत्या के कई बिंदुओं की जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत निचली सेवा गांव में सोमवार की देर रात अवैध संबंध के शक में ग्रामीण चिकित्सक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नुनूलाल पंडित के 45 वर्षीय पुत्र मनोज पंडित के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। मनोज पंडित का गांव में अपना क्लीनिक था।
बताया जा रहा है कि सोमवार की रात अवैध संबंध के शक में उसकी लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। लोगों की पिटाई से मनोज बुरी तरह से जख्मी हो गया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे स्वजन उसे इलाज के लिए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पाकर थानाध्यक्ष अमित कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू की। घटना के बाबत स्वजन ने गांव के ही गौतम रविदास, किशुन रविदास, प्रकाश रविदास, नागो रविदास, सूरज रविदास सहित 10-15 अज्ञात लोगों पर पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को आवेदन दिया है। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मृतक का गांव महिलाओं तथा कुछ लड़कियों के साथ अवैध संबंध था। इलाज के दौरान वे महिलाओं और लड़कियों पर बुरी नजर रखते थे। ग्रामीणों को इस बात को रोष था। इस कारण हत्या हुई है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने कहा इन बिंदुओं पर जांच होगी। लेकिन ग्रामीणों ने जो किया है वह अनुचित। हत्यारों पर कार्रवाई होगी।
अवैध संबंध के शक में हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अनुसंधान कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। - डा राकेश कुमार, एसडीपीओ, जमुई।