विक्रमशिला ब्रिज बंद होने से बढ़े केले के दाम, भागलपुर के कारोबारियों को ट्रांसपोर्ट खर्च पड़ रहा महंगा
विक्रमशिला सेतु बंद होने से पर्व के दौरान भागलपुर में केले का कारोबार प्रभावित हो रहा है। नवगछिया से केला ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पर्व के समय केले की मांग पर बुरा असर.
नवगछिया से केला लाने में समय, लागत बढ़ी.
भागलपुर में केले के दाम बढ़े, बिक्री घटी.
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पर्व के समय केले की बढ़ी मांग के बीच विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने का असर केले के कारोबार पर पड़ रहा है।
नवगछिया से बड़ी मात्रा में केला भागलपुर के बाजार में आता है, लेकिन पुल बंद होने के कारण अब कारोबारियों को जहाज के माध्यम से गंगा पार कर केला लाना पड़ रहा है। इससे समय और परिवहन लागत दोनों बढ़ गई हैं।
खैरपुर के केला विक्रेता विजय यादव ने बताया कि पुल बंद होने से कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी समय को लेकर है।
खैरपुर निवासी अखिलेश यादव ने बताया कि वे सुबह आठ बजे नवगछिया से चले थे, लेकिन करीब पांच घंटे बाद दोपहर एक बजे तिलकामांझी बाजार पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि जहाज निर्धारित समय पर नहीं खुलता। पर्याप्त संख्या में यात्री होने के बाद ही जहाज रवाना होता है। इससे केला लेकर भागलपुर पहुंचने में काफी समय लग रहा है।
कारोबारियों के अनुसार नवगछिया में केला 20 से 25 रुपये दर्जन मिल रहा है, जबकि भागलपुर बाजार में परिवहन खर्च और समय अधिक लगने के कारण 30 से 35 रुपये दर्जन तक बिक रहा है।
पहले करीब 200 रुपये सैकड़ा बिकने वाला केला अब 250 रुपये सैकड़ा तक पहुंच गया है। कारोबारियों का कहना है कि पुल बंद होने का असर बिक्री पर भी पड़ा है।
पर्व के अनुरूप मांग रहने के बावजूद आवागमन की परेशानी के कारण केले की बिक्री सामान्य स्तर तक नहीं पहुंच पा रही है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में विक्रमशिला सेतु से हटाए गए 2 बेली ब्रिज, ट्रस पुल बनाने के लिए स्लैब की जल्द होगी कटिंग
