1 अक्टूबर से विक्रमशिला सेतु पर 'ब्रेक': मरम्मत के लिए BRO की टीम तैयार, 3 महीने तक गंगा में चलेंगे जहाज
विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के लिए 1 अक्टूबर से आवागमन बंद कर दिया जाएगा, जिसके लिए बीआरओ की टीम 29-30 सितंबर तक भागलपुर पहुंचेगी।

विक्रमशिला सेतु 1 अक्टूबर से बंद, मरम्मत के लिए बीआरओ टीम तैयार
HighLights
विक्रमशिला सेतु 1 अक्टूबर से मरम्मत के लिए बंद होगा।
बीआरओ टीम 29-30 सितंबर तक भागलपुर पहुंचकर कार्य संभालेगी।
त्योहारों में यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी होगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य के लिए एक अक्टूबर से आवागमन बंद कर दिए जाने की तैयारी है। इस पर बने बेली ब्रिज खोलने के लिए बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) को पत्र भेज दिया गया है।
29-30 सितंबर तक बीआरओ की पूरी टीम भागलपुर पहुंच जाएगी। पुनर्स्थापन कार्य से संबंधित सामान पंजाब और हरियाणा से पहुंच चुका है। शेष सामान भी काम शुरू होने से पहले पहुंच जाएगा।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, खगड़िया प्रमंडल के वरीय परियोजना अभियंता शशिभूषण सिंह ने बताया कि एक अक्टूबर से बेली ब्रिज खोलने संबंधी सरकार के निर्णय की विधिवत सूचना प्राप्त हो चुकी है। काम शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सेतु को तीन महीने तक बंद रखकर स्लैब, एक्सपेंशन ज्वाइंट और बियरिंग बदलने समेत मजबूतीकरण का काम कराया जाएगा।
इधर, गंगा का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। 20 सितंबर को होने वाली बैठक में जिला प्रशासन अपनी स्थिति स्पष्ट करेगा। जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। सेतु बंद रहने के दौरान लोगों की परेशानी कम करने के लिए यात्री और मालवाहक जहाजों के परिचालन की तैयारी भी की जा रही है।
अब तक सात यात्री जहाजों के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि मालवाहक जहाजों के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। जहाजों पर गोताखोर, लाइफ जैकेट और सुरक्षा बल की व्यवस्था रहेगी।
बाबूपुर और हाई लेवल घाट पर परिवहन टीम को ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। मालवाहक जहाज संचालकों को गंगा पार कराने वाले ट्रकों के लोडिंग बिल की जांच करने और ओवरलोड वाहन नहीं ले जाने की हिदायत दी जाएगी। डीएम अलंकृता पांडेय ने खनन विभाग के अधिकारियों को भी समय-समय पर जांच करने का निर्देश दिया है।
त्योहारों में ट्रेनों की वेटिंग से बढ़ेगी परेशानी:
दुर्गापूजा से छठ तक विक्रमशिला एक्सप्रेस, एलटीटी, अंग एक्सप्रेस, सूरत एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कंफर्म टिकट के लिए मारामारी की स्थिति है। त्योहारों में लोग घर लौटते हैं और त्योहार समाप्त होने के बाद प्रवासी वापस लौटते हैं। इससे ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ बढ़ जाती है।
ऐसे में लोग अपनी सुविधा के अनुसार भागलपुर और नवगछिया दोनों रेलखंड की ट्रेनों से यात्रा की योजना बनाते हैं। नवगछिया, बिहपुर, कटिहार और पूर्णिया क्षेत्र के लोग भागलपुर आकर ट्रेन पकड़ते हैं या भागलपुर स्टेशन पर उतरकर सड़क मार्ग से घर जाते हैं।
इसी तरह भागलपुर के लोग भी नवगछिया से चलने वाली ट्रेनों का इस्तेमाल करते हैं। विक्रमशिला एक्सप्रेस, एलटीटी समेत अन्य ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने पर यात्री नवगछिया से चलने वाली ट्रेनों में टिकट बुक कराते हैं।
ऐसे में विक्रमशिला सेतु बंद होने से त्योहार के दौरान यात्रियों के सामने आवागमन की अतिरिक्त समस्या खड़ी हो सकती है। एक ओर ट्रेनों में भीड़ और लंबी वेटिंग, दूसरी ओर सेतु बंद रहने से सड़क संपर्क प्रभावित होने के कारण लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
