विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विक्रमशिला और फरक्का एक्सप्रेस के समय में बदलाव! 28 अक्टूबर से नई समय सारणी लागू, द‍िल्‍ली जाने वाले दें ध्यान

Published: Sun, 25 Oct 2026 11:09 PM (IST)

Vikramshila Express New Time Table: भागलपुर से चलने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया ...और पढ़ें

Vikramshila Express New Time Table: विक्रमशिला और फरक्का एक्सप्रेस के समय में बदलाव

Vikramshila Express New Time Table: विक्रमशिला और फरक्का एक्सप्रेस के समय में बदलाव

HighLights

  1. विक्रमशिला एक्सप्रेस के आनंद विहार पहुंचने का समय बदला।

  2. फरक्का एक्सप्रेस की दोनों रेकों के समय में संशोधन।

  3. नई समय सारणी 28 अक्टूबर से होगी प्रभावी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Vikramshila Express New Time Table: भागलपुर से देश की राजधानी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक चलने वाली अंग क्षेत्र की लाइफलाइन विक्रमशिला एक्सप्रेस सहित फरक्का एक्सप्रेस के समय में रेलवे प्रशासन ने महत्वपूर्ण संशोधन किया है। ट्रेन परिचालन को अधिक सुगम और नियंत्रित बनाने के उद्देश्य से समय सारणी को पुनर्निर्धारित किया गया है।

भागलपुर से खुलने वाली ट्रेन संख्या 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस का यह नया शेड्यूल आगामी 28 अक्टूबर 2026 से पूरी तरह प्रभावी हो जाएगा।

28 अक्टूबर से आनंद विहार पहुंचने का समय बदला

रेलवे सूत्रों से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12367 भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस के टर्मिनल आगमन समय में बदलाव किया गया है। इसके तहत यह ट्रेन अब अपने अंतिम गंतव्य आनंद विहार टर्मिनल पर पूर्व निर्धारित समय सुबह 7:20 बजे के स्थान पर सुबह 7:35 बजे पहुंचेगी। परिचालन व्यवस्था और रूट क्लीयरेंस को ध्यान में रखते हुए इस 15 मिनट के अंतर को समय सारणी में शामिल किया गया है, जिससे मार्ग में गाड़ियों के क्रासिंग और गति नियंत्रण में सहूलियत होगी।

फरक्का एक्सप्रेस की दोनों श्रेणियों में भी संशोधन

विक्रमशिला एक्सप्रेस के अतिरिक्त बठिंडा जंक्शन से बालुरघाट के बीच संचालित होने वाली फरक्का एक्सप्रेस के समय में भी रेलवे ने आंशिक बदलाव किए हैं। रेल प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 15734 (बठिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस) के परिचालन का संशोधित समय 28 अक्टूबर से लागू कर दिया जाएगा।

वहीं, इसी रूट पर चलने वाली दूसरी रेक ट्रेन संख्या 15744 में यह नया समय 29 अक्टूबर से प्रभावी माना जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उत्तर भारत में बदलते मौसम और आगामी त्योहारों के दौरान रेल परिचालन की समयबद्धता बनाए रखने के लिए यह तकनीकी समायोजन किया गया है।

यात्रा से पूर्व समय की जांच करने की अपील

लंबी दूरी के मुसाफिरों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्टेशनों पर लगातार उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) के जरिए समय में हुए बदलाव की जानकारी प्रसारित की जा रही है। रेल अधिकारियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा की योजना बनाने और स्टेशन पहुंचने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES), रेल मदद ऐप अथवा 139 रेल हेल्पलाइन के माध्यम से गाड़ियों के अद्यतन समय की पुष्टि अवश्य कर लें।

यह भी पढ़ें- भागलपुर-दिल्ली गरीब रथ, कामाख्या-आनंद विहार, न्‍यू फरक्का व कामाख्या-गया समेत कई ट्रेनें दिसंबर से फरवरी तक रद