भागलपुर-दिल्ली गरीब रथ, कामाख्या-आनंद विहार, न्यू फरक्का व कामाख्या-गया समेत कई ट्रेनें दिसंबर से फरवरी तक रद
Trains Cancelled Due to Fog: सर्दियों में घने कोहरे के कारण भारतीय रेलवे ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक ...और पढ़ें

Trains Cancelled Due to Fog: घने कोहरे के बीच से गुजरती एक ट्रेन। फाइल
HighLights
दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
न्यू फरक्का एक्सप्रेस रद्द, गरीब रथ के फेरे घटे।
यात्रियों को शादी-त्योहारों में सीट संकट का सामना।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Trains Cancelled Due to Fog: सर्दियों के मौसम में घने कोहरे की दस्तक से पहले ही रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। उत्तर भारत में ठंड के दौरान अत्यधिक कुहासे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
दिसंबर 2026 से लेकर फरवरी और मार्च 2027 तक भागलपुर, नवगछिया और आसपास के रेलखंडों से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को या तो पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है या उनके फेरों में भारी कटौती की गई है। इस बड़े फैसले के बाद यात्रियों को करीब तीन महीनों तक दिल्ली, असम और उत्तर प्रदेश जाने-आने में भीषण मारामारी और सीट संकट का सामना करना पड़ेगा।
शादी और त्योहारों के सीजन में कंफर्म टिकट के लाले
वर्तमान में विक्रमशिला एक्सप्रेस, सूरत एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस और अंग एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों में वैसे ही लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है और यात्रियों को कतारों में घंटों खड़े रहना पड़ रहा है।
ऐसे में आगामी शादियों के सीजन और त्योहारों के दौरान दिल्ली और मालदा जाने वाली दो बड़ी ट्रेनों—न्यू फरक्का एक्सप्रेस के पूरी तरह बंद होने और गरीब रथ एक्सप्रेस के फेरे घटाए जाने से रेल यात्रियों का गणित पूरी तरह बिगड़ जाएगा।
कोहरे के कारण प्रभावित ट्रेनों का पूरा शेड्यूल (दिसंबर 2026 से मार्च 2027)
14003 मालदा टाउन-नई दिल्ली न्यू फरक्का एक्सप्रेस: 05 दिसंबर 2026 से 02 मार्च 2027 तक पूरी तरह निरस्त रहेगी।
14004 नई दिल्ली-मालदा टाउन न्यू फरक्का एक्सप्रेस: 03 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक पूरी तरह निरस्त रहेगी।
22406 भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस: 02 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 के बीच सप्ताह में एक दिन (केवल बुधवार) निरस्त (कुल 13 फेरे रद)।
22405 आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस: 03 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 के बीच सप्ताह में एक दिन (केवल गुरुवार) निरस्त (कुल 13 फेरे रद)।
12505 कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस: प्रत्येक बुधवार और रविवार को निरस्त रहेगी (दिसंबर से फरवरी)।
12506 आनंद विहार-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस: प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को निरस्त रहेगी।
15483 अलीपुरद्वार-दिल्ली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस: प्रत्येक बुधवार और रविवार को निरस्त रहेगी।
15484 दिल्ली-अलीपुरद्वार सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस: प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को निरस्त रहेगी।
15619/15620 साप्ताहिक कामाख्या-गया एक्सप्रेस: गया से 08 दिसंबर से 23 फरवरी तक और कामाख्या से 07 दिसंबर से 22 फरवरी तक पूरी तरह निरस्त।
पिछले वर्षों के अनुभव बताते हैं कि कोहरे के कारण ट्रेनें 8 से 20 घंटे की देरी से चलती हैं, जिससे ट्रेनों को रिशिड्यूल करना पड़ता था और अंततः यात्रियों को यात्रा टालनी या कंफर्म टिकट भी रद कराने पड़ते थे।
न्यू फरक्का एक्सप्रेस पूरी तरह रद्द, गरीब रथ के फेरे घटे
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उत्तर भारत में कोहरे के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम हो जाती है। इसे देखते हुए ट्रेन नंबर 14003 मालदा टाउन-नई दिल्ली न्यू फरक्का एक्सप्रेस 05 दिसंबर 2026 से 02 मार्च 2027 तक मालदा से पूरी तरह रद रहेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 14004 नई दिल्ली-मालदा टाउन न्यू फरक्का एक्सप्रेस 03 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक नई दिल्ली से नहीं चलेगी।
इसके साथ ही, सप्ताह में तीन दिन चलने वाली लोकप्रिय भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस के फेरों पर भी कैंची चलाई गई है। ट्रेन नंबर 22406 भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस 02 दिसंबर से 24 फरवरी 2027 के बीच केवल बुधवार को (कुल 13 फेरे) निरस्त रहेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 22405 आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ 03 दिसंबर से 26 फरवरी 2027 के बीच केवल गुरुवार को (कुल 13 फेरे) रद रहेगी।
नवगछिया और गया रूट की ट्रेनें भी रहेंगी बाधित
कोहरे का असर केवल भागलपुर ही नहीं, बल्कि नवगछिया और गया रूट की ट्रेनों पर भी पड़ेगा। नवगछिया होकर गुजरने वाली कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12505) बुधवार और रविवार को, जबकि आनंद विहार-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12506) प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को निरस्त रहेगी। इसी तरह, अलीपुरद्वार-दिल्ली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (15483) बुधवार और रविवार को, जबकि दिल्ली-अलीपुरद्वार सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (15484) प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को बंद रहेगी।
इसके अलावा, साप्ताहिक कामाख्या-गया एक्सप्रेस (15619/15620) का संचालन भी आगामी तीन महीनों के लिए पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया है। हर मंगलवार को चलने वाली गया-कामाख्या एक्सप्रेस 08 दिसंबर से 23 फरवरी तक और हर सोमवार को चलने वाली कामाख्या-गया एक्सप्रेस 07 दिसंबर से 22 फरवरी के बीच पटरी पर नहीं दिखेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए यात्रा प्लान करने से पहले ट्रेनों की वर्तमान स्थिति की जांच करने की सलाह दी है।
