तेज रफ्तार से आ रही थी पटना-जलपाईगुड़ी वंदे भारत, तभी नवगछिया में ट्रैक पर सामने आई नीलगाय; टूट गया इंजन का नोज हुड
Patna New Jalpaiguri Vande Bharat Express Accident: पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस नवगछिया के पास नीलगाय से टकरा गई, जिससे ...और पढ़ें

Patna New Jalpaiguri Vande Bharat Express Accident: प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
वंदे भारत एक्सप्रेस नीलगाय से टकराई, इंजन क्षतिग्रस्त हुआ।
नवगछिया के पास हुई घटना, ट्रेन 20 मिनट रुकी।
सभी यात्री सुरक्षित, लोको पायलट से रिपोर्ट मांगी गई।
संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। पटना से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार की शाम एक अप्रत्याशित हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। नवगछिया के समीप पीएसआर-एनएनआर रेलखंड के मध्य किलोमीटर संख्या 84/16 के पास तेज गति से गुजर रही ट्रेन के आगे अचानक एक नीलगाय आ गई।
जोरदार टक्कर के कारण ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा (नोज हुड) क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जबकि नीलगाय छिटककर रेलवे ट्रैक से दूर जा गिरी। इस घटना के कारण सेमी-हाईस्पीड ट्रेन करीब 20 मिनट तक घटनास्थल पर ही खड़ी रही।
रेलवे से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 22234 पटना जंक्शन से अपने निर्धारित समय दोपहर 13:02 बजे रवाना हुई थी। शाम 16:53 बजे पीएसआर स्टेशन से थ्रू पास करने के मात्र दो मिनट बाद यानी 16:55 बजे यह घटना घटी और ट्रेन को आपातकालीन ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा।
इंजन का नोज हुड टूटा
ट्रेन रुकते ही लोको पायलट शंभू कुमार और सहायक लोको पायलट केके झा ने नीचे उतरकर इंजन का मुआयना किया, जिसमें इंजन का फ्रंट नोज हुड टूटा हुआ पाया गया। इसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कैरिज एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू) विभाग के तकनीकी कर्मियों ने इंजन के आंतरिक उपकरणों, ब्रेकिंग सिस्टम और कपलिंग की बारीकी से जांच की।
तकनीकी जांच के बाद मिली रवानगी
यह सुनिश्चित करने के बाद कि आंतरिक मशीनरी और पहियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, ट्रेन को आगे के सफर के लिए तकनीकी रूप से फिट घोषित किया गया। इसके बाद शाम 17:15 बजे ट्रेन को न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रवाना किया गया।
सभी यात्री सुरक्षित, लोको पायलट से मांगा गया बयान
टक्कर के समय ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति जरूर बन गई, लेकिन लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी भी रेलयात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई है और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण ट्रेन लगभग 20 मिनट तक विलंबित हुई। संरक्षा नियमों के तहत रेलवे प्रशासन ने लोको पायलट से घटना के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट और लिखित बयान मांगा है, ताकि विस्तृत जांच पूरी की जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।