चौबे ने विपक्षी पार्टियों को कहा अवसरवादी, बोले-पहले चाह रहे थे CAA बने... अब कर रहे विरोध Bhagalpur News
मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार एक देश और एक नीति पर काम कर रही है। कांग्रेस द्वारा गलत मंशा के तहत भ्रम पैदा किया जा रहा है। वे स्वार्थ के लिए माहौल खराब कर रहे हैं।
भागलपुर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के मामले में हमारी (भाजपा) नियत साफ है, लेकिन उनकी (कांग्रेस) नियत में खोंट है। 2003 में राज्यसभा में विपक्ष के नेता डॉ. मनमोहन सिंह ने अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश से भारत आए लोगों को नागरिकता प्रदान करने की मांग अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार से की थी। लेकिन, नागरिकता कानून बन जाने के बाद काग्रेस इसका विरोध कर रही है। ये बातें केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने सर्किट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में कही।
उन्होंने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून पर 2016 में काफी बहस हुई। लोकसभा अध्यक्ष ने इसके लिए मंत्री सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया। उस कमेटी में सदस्य के रूप में मैं भी था। कमेटी में सभी दल के साथ-साथ निर्दलीय भी थे। कमेटी के सदस्यों ने कई कैंपों में जाकर शरणार्थियों के हालात को देखा। इसके बाद फिर से सितंबर में सदन में नागरिकता संशोधन कानून पर चर्चा हुई। चर्चा में कांग्रेस भी शामिल हुई, लेकिन सदन में पास होने के बाद कांग्रेस विरोध कर रही हैं। कांग्रेस के साथ उसके पिछलग्गू भी विरोध करने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद का अखंड भारत का सपना भाजपा साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजस्थान, मध्यप्रदेश में शांतिपूर्ण आंदोलन करा रही है, लेकिन भाजपा शासित राज्यों में तोडफ़ोड़ करा रही है। उन्होंने कहा नए कानून में बदलाव की संभावना नहीं है। अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।